scorecardresearch

Zepto, PhysicsWallah, IndiGo समेत 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई! लाखों रुपये का लगा जुर्माना

सरकार ने राज्यसभा में बताया कि Zepto, PhysicsWallah और IndiGo समेत नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म को ऐसी भ्रामक डिजाइन प्रथाएं बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, डार्क पैटर्न गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वाली कंपनियों से अब तक करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

Advertisement
AI Generated Image

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कंज्यूमर्स को प्रभावित करने वाली 'डार्क पैटर्न' प्रथाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सरकार ने राज्यसभा में बताया कि Zepto, PhysicsWallah और IndiGo समेत नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म को ऐसी भ्रामक डिजाइन प्रथाएं बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, डार्क पैटर्न गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वाली कंपनियों से अब तक करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

advertisement

क्या हैं डार्क पैटर्न?

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, Prevention and Regulation of Dark Patterns Guidelines, 2023 में 13 तरह की भ्रामक ऑनलाइन प्रथाओं की पहचान की गई है। इनमें फॉल्स अर्जेंसी, बास्केट स्नीकिंग, ड्रिप प्राइसिंग, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, कन्फर्म शेमिंग और ट्रिक क्वेश्चन जैसी तकनीकें शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल उपभोक्ताओं को उनकी इच्छा के विपरीत फैसले लेने के लिए प्रभावित करने में किया जाता है।

जून 2025 में CCPA ने सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को सेल्फ ऑडिट करने और अपने प्लेटफॉर्म से ऐसे डार्क पैटर्न हटाने की सलाह भी दी थी।

Zepto पर सबसे बड़ा जुर्माना

सरकार ने बताया कि Zepto Marketplace पर सबसे अधिक 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच में पाया गया कि खरीदारी के दौरान ग्राहकों से हैंडलिंग चार्ज जोड़ा जा रहा था, जिसे CCPA ने ड्रिप प्राइसिंग माना। वहीं, सदस्यता शुल्क अपने आप जुड़ने को बास्केट स्नीकिंग की श्रेणी में रखा गया। सरकार के अनुसार, कंपनी ने अब इन प्रथाओं को बंद कर दिया है।

PhysicsWallah और IndiGo ने भी किए बदलाव

CCPA ने PhysicsWallah पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। नियामक ने खुद से संज्ञान लेते हुए पाया कि "PW Foundation" के लिए 10 रुपये का दान पहले से चुना हुआ रहता था। इसके अलावा, यूजर्स को दान बनाए रखने के लिए भावनात्मक संदेश दिखाए जाते थे और मुफ्त कोर्स तक पहुंच के लिए व्यक्तिगत जानकारी मांगी जाती थी। सरकार ने कहा कि कंपनी ने जुर्माना भर दिया है और इस व्यवस्था को हटा दिया है।

वहीं, शिकायतों के बाद IndiGo ने अपने मोबाइल ऐप में बदलाव किया। BookMyShow को भी अपने BookASmile अभियान के लिए पहले से चुड़ा हुआ 1 रुपये का योगदान हटाने का निर्देश दिया गया।

अन्य कंपनियों पर भी कार्रवाई

CCPA ने FirstCry पर 2 लाख रुपये, Anuj Jindal पर 3 लाख रुपये और PharmaEasy, McAfee तथा SpiceJet पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इन कंपनियों को छिपे हुए शुल्क, भ्रामक काउंटडाउन टाइमर, जबरन सब्सक्रिप्शन और भ्रामक रिन्यूअल प्रॉम्प्ट जैसी प्रथाएं बंद करने का निर्देश दिया गया है।

सरकार ने कहा कि CCPA आगे भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी जारी रखेगा ताकि ऑनलाइन कारोबार में निष्पक्षता बनी रहे और उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें।

advertisement