scorecardresearch

ChatGPT की टक्कर वाली AI कंपनी को 6 महीने में ₹7 लाख करोड़ से ज्यादा का घाटा! IPO से पहले चौंकाने वाले आंकड़े

ChatGPT को टक्कर देने वाले Claude AI की पैरेंट कंपनी Anthropic के वित्तीय आंकड़ों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। कंपनी को 2026 के पहले छह महीनों में 80.7 अरब डॉलर का नेट लॉस हुआ है। हालांकि, इस घाटे का ज्यादातर हिस्सा वास्तविक नकद खर्च नहीं है। नवंबर में संभावित IPO से पहले सवाल उठ रहा है कि आखिर इतना घाटा कैसे हुआ?

Advertisement
AI की रेस में Anthropic को लगा तगड़ा झटका! 6 महीने में अरबों डॉलर का घाटा
AI की रेस में Anthropic को लगा तगड़ा झटका! 6 महीने में अरबों डॉलर का घाटा

In Short

  • Anthropic को 2026 की पहली छमाही में 80.7 अरब डॉलर का नेट लॉस हुआ।
  • कुल घाटे में 72 अरब डॉलर का हिस्सा गैर-नकद अकाउंटिंग चार्ज का है।
  • नवंबर में संभावित IPO से पहले कंपनी की वैल्यूएशन पर निवेशकों की नजर है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही कंपनी Anthropic को भारी घाटा हुआ है। Claude AI बनाने वाली इस अमेरिकी कंपनी ने 2026 की पहली छमाही में 80.7 अरब डॉलर यानी करीब 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट लॉस दर्ज किया है। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का घाटा 13 अरब डॉलर था। हालांकि, इस घाटे का ज्यादातर हिस्सा वास्तविक नकद खर्च नहीं, बल्कि अकाउंटिंग से जुड़ा है।

advertisement

न्यूज एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, ये आंकड़े Anthropic के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए तैयार ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस से सामने आए हैं। कंपनी के नवंबर में शेयर बाजार में लिस्ट होने की उम्मीद है।

आखिर इतना घाटा क्यों हुआ?

रिपोर्ट के मुताबिक, Anthropic के कुल 80.7 अरब डॉलर के घाटे में करीब 72 अरब डॉलर का हिस्सा एक अकाउंटिंग चार्ज का है।

दरअसल, कंपनी ने ऐसे बॉन्ड जारी किए हैं, जिन्हें भविष्य में शेयरों में बदला जा सकता है। Anthropic की वैल्यूएशन बढ़ने के साथ इन बॉन्ड की अनुमानित कीमत भी बढ़ गई। इसी बदलाव को कंपनी के वित्तीय खातों में खर्च के रूप में दर्ज किया गया है।

इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी ने पूरे 80.7 अरब डॉलर नकद खर्च कर दिए।

AI पर खर्च हो रहे अरबों डॉलर

Anthropic का कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च तेजी से बढ़ रहा है। 2026 की पहली छमाही में कंपनी ने कंप्यूटिंग क्षमता और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 9 अरब डॉलर खर्च किए। एक साल पहले इसी अवधि में यह रकम 2.3 अरब डॉलर थी।

इसके अलावा कंपनी अगले 10 वर्षों में क्लाउड सर्विसेज, कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर कम से कम 518 अरब डॉलर खर्च करने की प्रतिबद्धता जता चुकी है।

इससे पता चलता है कि AI मॉडल तैयार करने और उन्हें चलाने के लिए कितने बड़े निवेश की जरूरत पड़ रही है।

कमाई बढ़ी, फिर भी निवेशकों की चिंता क्यों?

Reuters के मुताबिक, Anthropic ने 14 अक्टूबर को निवेशकों के साथ हुई बैठक में बताया कि तीसरी तिमाही में उसका रेवेन्यू पिछली तिमाही के मुकाबले 45 फीसदी बढ़कर 16.8 अरब डॉलर पहुंच गया।

हालांकि, दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू पहली तिमाही के मुकाबले दोगुने से ज्यादा बढ़कर 11.6 अरब डॉलर हुआ था।

यानी कंपनी की कमाई बढ़ रही है, लेकिन तिमाही आधार पर उसकी ग्रोथ की रफ्तार धीमी हुई है। यही बात कुछ निवेशकों को परेशान कर रही है।

IPO से पहले वैल्यूएशन पर नजर

Anthropic के नवंबर में IPO लाने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, ताजा वित्तीय आंकड़ों के बाद कुछ निवेशक कंपनी की वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर आंक रहे हैं।

advertisement

कंपनी के लिए Claude Code जैसे AI टूल लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं, लेकिन निवेशक यह भी देखना चाहते हैं कि AI पर हो रहे भारी खर्च से भविष्य में कितना मुनाफा मिल पाएगा।

फिलहाल Anthropic ने Reuters के सवालों का जवाब नहीं दिया है। कंपनी का IPO और उसकी अंतिम वैल्यूएशन अभी तय नहीं हुई है।