scorecardresearch

जोमैटो और स्विगी को टक्कर देने की तैयारी में Flipkart! नई फूड डिलीवरी सर्विस 'Eat-in by Minutes' की टेस्टिंग शुरू

ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स के बाद फ्लिपकार्ट अब एक नए बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी की नई सर्विस को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। इससे Zomato और Swiggy की चुनौती बढ़ सकती है। आखिर कब लॉन्च होगी यह सर्विस और ग्राहकों को क्या मिलेगा फायदा?

Advertisement

In Short

  • फ्लिपकार्ट की नई फूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग शुरू
  • बेंगलुरु में 8,000 से ज्यादा कर्मचारी कर रहे इस्तेमाल
  • अक्टूबर के आखिर तक लॉन्च हो सकती है नई सर्विस

ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स के बाद अब फ्लिपकार्ट फूड डिलीवरी के बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। वॉलमार्ट के मालिकाना हक वाली कंपनी अपनी नई फूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सर्विस का नाम 'Eat-in by Minutes' हो सकता है। फिलहाल बेंगलुरु में कंपनी के 8,000 से ज्यादा कर्मचारी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर यह सर्विस आम ग्राहकों के लिए लॉन्च होती है, तो Zomato और Swiggy की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

advertisement

8,000 से ज्यादा कर्मचारियों के बीच टेस्टिंग

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, Flipkart ने शुरुआत में कुछ सौ कर्मचारियों के साथ इस सर्विस की टेस्टिंग शुरू की थी। अब इसका दायरा बढ़ाकर 8,000 से ज्यादा कर्मचारियों तक पहुंचा दिया गया है।

इस टेस्टिंग के जरिए कंपनी रेस्टोरेंट की लिस्टिंग, खाना ऑर्डर करने की प्रक्रिया, डिलीवरी सिस्टम और ग्राहकों के फीडबैक को समझ रही है। फिलहाल यह सर्विस सिर्फ बेंगलुरु में उपलब्ध है। यहां 'Eat-in by Minutes' की ब्रांडिंग वाली यूनिफॉर्म पहने डिलीवरी पार्टनर्स ट्रायल ऑर्डर पहुंचा रहे हैं।

Flipkart ऐप में ही मिलेगा खाना ऑर्डर करने का ऑप्शन

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट अपनी फूड डिलीवरी सर्विस को अलग ऐप के बजाय मौजूदा शॉपिंग ऐप में ही शामिल कर रही है। इसके लिए ऐप में एक अलग टैब दिया गया है। यह Flipkart Minutes और ट्रैवल बुकिंग सर्विस के साथ दिखाई देता है।

फूड डिलीवरी के लिए कंपनी ने अपनी लॉजिस्टिक्स इकाई Ekart के जरिए अलग डिलीवरी नेटवर्क भी तैयार किया है। खाना पहुंचाने वाले डिलीवरी पार्टनर्स, Flipkart Minutes के डिलीवरी पार्टनर्स से अलग होंगे।

अक्टूबर के आखिर तक हो सकती है लॉन्चिंग

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फ्लिपकार्ट ने अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को अक्टूबर के आखिर तक सर्विस लॉन्च करने की योजना के बारे में बताया है।

कंपनी इस साल के अंत तक इसे भारत के पांच से छह शहरों में पहुंचाने की तैयारी भी कर रही है। हालांकि, Flipkart ने अभी तक सर्विस के नाम, लॉन्चिंग की तारीख या विस्तार की योजना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

Zomato और Swiggy की बढ़ेगी चुनौती?

भारत के ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार में फिलहाल Zomato और Swiggy का दबदबा है। फ्लिपकार्ट के पास पहले से बड़ा ग्राहक आधार और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मौजूद है। ऐसे में इसकी एंट्री से ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं।

इसके अलावा डिस्काउंट, डिलीवरी स्पीड और कीमतों को लेकर कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। हालांकि, फ्लिपकार्ट की सफलता रेस्टोरेंट पार्टनरशिप, भरोसेमंद डिलीवरी और कीमतों पर निर्भर करेगी।

advertisement

फूड डिलीवरी बाजार में पहले भी उतरी हैं कंपनियां

फ्लिपकार्ट से पहले Rapido भी अपनी Ownly सर्विस के जरिए पिछले साल फूड डिलीवरी बाजार में उतर चुकी है। वहीं, Uber ने 2020 में Uber Eats का भारतीय कारोबार Zomato को बेचकर इस बाजार से बाहर निकलने का फैसला किया था।

ऐसे में देखना होगा कि फ्लिपकार्ट इस प्रतिस्पर्धी बाजार में अपनी जगह कैसे बनाती है।