भारत के कार बाजार में वॉक्सवैगन का बड़ा दांव, JSW के साथ साझेदारी पर टिकी नजर
वॉक्सवैगन भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए स्थानीय साझेदार के साथ डील करने की तैयारी में है। कंपनी का मानना है कि मजबूत लोकल पार्टनर के साथ ग्रोथ तेज हो सकती है। JSW के साथ संभावित साझेदारी को लेकर चर्चा चल रही है, जिससे भारत में कंपनी की रणनीति बदल सकती है।

In Short
- रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वॉक्सवैगन भारत में स्थानीय साझेदार के साथ इस साल डील करने की तैयारी में है।
- JSW के साथ संभावित साझेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
- कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक और क्लीन एनर्जी वाहनों पर जोर दे रही है।
Volkswagen India: वॉक्सवैगन को उम्मीद है कि वह भारत में इस साल एक स्थानीय साझेदार के साथ समझौता कर लेगी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, Skoda के सीईओ क्लाउस जेलमर ने कहा है कि जर्मन ऑटो ग्रुप भारत जैसे बड़े बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए स्थानीय पार्टनर की तलाश कर रहा है। कंपनी का मानना है कि मजबूत स्थानीय नेटवर्क वाले साझेदार के साथ उसकी ग्रोथ और तेज हो सकती है।
भारत में मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश
Skoda भारत में वॉक्सवैगन ग्रुप की रणनीति को संभाल रही है। कंपनी भारत में एक जॉइंट वेंचर को लेकर बातचीत कर रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक Volkswagen भारत में अपने ऑपरेशन को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय साझेदार के साथ काम करना चाहती है। जेलमर ने कहा कि मजबूत स्थानीय नेटवर्क वाले पार्टनर के साथ कंपनी की रफ्तार और बेहतर हो सकती है।
कंट्रोल छोड़ने के लिए भी तैयार Volkswagen
क्लाउस जेलमर ने कहा कि Volkswagen भारत में अपने ऑपरेशन का कंट्रोल स्थानीय पार्टनर को देने के लिए भी तैयार है। कंपनी का मानना है कि भारत में आगे बढ़ने के लिए स्थानीय साझेदारी काफी मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, Volkswagen दो दशक से ज्यादा समय से भारत में मौजूद है, लेकिन अभी तक वह यहां बड़ा पैमाना हासिल नहीं कर पाई है।
JSW के साथ साझेदारी की चर्चा
Volkswagen पहले भी भारत में साझेदार की तलाश कर चुकी है। साल 2022 में कंपनी ने Mahindra के साथ बातचीत शुरू की थी, लेकिन यह समझौता आगे नहीं बढ़ पाया। अब JSW के साथ संभावित साझेदारी को लेकर चर्चा तेज है।
विश्लेषकों का मानना है कि JSW के साथ डील सफल हो सकती है क्योंकि कंपनी भारत के कार बाजार में बड़ा खिलाड़ी बनने की योजना बना रही है।JSW पहले से ही MG Motor के साथ भारत में जॉइंट वेंचर में है और Chery के साथ भी अलग समझौता कर चुकी है।
इलेक्ट्रिक और क्लीन एनर्जी वाहनों पर नजर
Volkswagen भारत में अपने अगले चरण की ग्रोथ के लिए निवेश की योजना बना रही है। कंपनी को 2027 से लागू होने वाले सख्त उत्सर्जन नियमों को पूरा करने के लिए क्लीन एनर्जी वाहनों को लॉन्च करना होगा। भारत में नए निवेश के लिए Volkswagen ग्रुप के बोर्ड की मंजूरी भी जरूरी होगी।
टैक्स विवाद और बढ़ती चुनौतियां
वॉक्सवैगन भारत में टैक्स विवाद का भी सामना कर रही है। भारतीय अधिकारियों ने 2024 में कंपनी पर करीब 1.4 अरब डॉलर की टैक्स मांग रखी थी। कंपनी ने इसे चुनौती दी है और कहा है कि उसने भारतीय नियमों का पूरी तरह पालन किया है। इस मामले में कोर्ट का फैसला अभी आना बाकी है।
इसके अलावा वॉक्सवैगनपर लागत घटाने और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का दबाव भी है। चीनी वाहन कंपनियों के बढ़ते प्रभाव और चीन के कमजोर बाजार के कारण कंपनी को नई रणनीति अपनानी पड़ रही है।
