ओला, उबर, रैपिडो की बढ़ेंगी मुश्किलें! 5 जून को ये कंपनी शुरू करेगी इलेक्ट्रिक टैक्सी का नया दौर
कंपनी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर दिल्ली के भारत मंडपम में एक स्पेशल कार्यक्रम में इसका आधिकारिक ऐलान करेगी। ओला, उबर और रैपिडो जैसे बड़े प्लेयर्स के लिए यह एंट्री एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

वियतनाम की दिग्गज कंपनी विनग्रुप (VinGroup) अपनी इलेक्ट्रिक टैक्सी सर्विस 'Green SM' को भारत में उतारने की पूरी तैयारी कर चुकी है। आजतक के रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर दिल्ली के भारत मंडपम में एक स्पेशल कार्यक्रम में इसका आधिकारिक ऐलान करेगी।
ओला, उबर और रैपिडो जैसे बड़े प्लेयर्स के लिए यह एंट्री एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। पिछले कुछ हफ्तों से दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर ग्रीन रंग की गाड़ियां दौड़ती हुई दिख रही हैं, जिससे साफ है कि कंपनी लॉन्च से पहले अपने नेटवर्क की टेस्टिंग कर रही है।
कैसा होगा बिजनेस मॉडल?
Green SM का काम करने का तरीका मौजूदा टैक्सी कंपनियों से बिल्कुल अलग है। ओला और उबर जैसे प्लेटफॉर्म जहां निजी गाड़ी मालिकों और ड्राइवरों को अपने साथ जोड़ते हैं, वहीं विनग्रुप अपनी गाड़ियों का मालिक खुद होगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Tata Tiago EV vs Tata Punch EV: कौन है ज्यादा वैल्यू फॉर मनी? फीचर्स, रेंज और कीमत में समझें बड़ा फर्क
कंपनी ड्राइवरों को सीधे सैलरी पर रखेगी और गाड़ी की सर्विसिंग, चार्जिंग से लेकर मेंटनेंस तक की पूरी जिम्मेदारी खुद उठाएगी। इस मॉडल से कंपनी को अपनी सर्विस की क्वालिटी पर पूरा कंट्रोल रखने में मदद मिलेगी।
फ्लीट में होंगी 10,000 इलेक्ट्रिक कारें
अपनी सर्विस के लिए कंपनी VinFast की इलेक्ट्रिक MPV का इस्तेमाल करेगी। यह वही गाड़ी है जो हाल ही में भारत में लॉन्च हुई है और इसमें 60.13 kWh की बैटरी दी गई है। दिल्ली-एनसीआर से शुरुआत करने के बाद, कंपनी उत्तर भारत के अन्य शहरों में अपना नेटवर्क फैलाएगी। पहले फेज में कंपनी अपनी फ्लीट में 10,000 इलेक्ट्रिक कारें शामिल करेगी। कंपनी यहीं नहीं रुकेगी, भविष्य में लगभग 1 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को भी इस सर्विस से जोड़ने की योजना है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Creta EV की बढ़ी मुश्किलें! Toyota की धाकड़ इलेक्ट्रिक SUV Urban Cruiser EBella भारत में लॉन्च - चेक करें प्राइस
विनग्रुप केवल टैक्सी सेवा तक ही सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक बस के बाजार में भी उतरने की तैयारी में है।
तमिलनाडु में अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को बढ़ाने के साथ ही, कंपनी तेलंगाना और महाराष्ट्र में ईवी चार्जिंग नेटवर्क, टूरिज़्म और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश की प्लानिंग कर रही है। इससे भारत के ईवी इकोसिस्टम में एक बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

