पेट्रोल का टेंशन खत्म! ₹1 लाख से कम में आई 180km के रेंज वाली Oben Rorr EVO, बाइक में पहली बार मिलेगा AI का जादू
यह विशेष कीमत पहले 10,000 ग्राहकों के लिए रखी गई है। ओबेन इलेक्ट्रिक के देश भर में फैले 150 शोरूम्स के नेटवर्क पर जून 2026 से इसकी टेस्ट राइड और डिलीवरी शुरू होने वाली है।

Oben Rorr EVO: भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) ने अपनी नई हाई-परफॉर्मेंस बाइक 'रोर ईवीओ' (Rorr EVO) को लॉन्च कर धमाका कर दिया है। कंपनी ने बीते 30 अप्रैल को इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को 99,999 रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर उतारा है।
यह विशेष कीमत पहले 10,000 ग्राहकों के लिए रखी गई है। ओबेन इलेक्ट्रिक के देश भर में फैले 150 शोरूम्स के नेटवर्क पर जून 2026 से इसकी टेस्ट राइड और डिलीवरी शुरू होने वाली है।
कितनी है रेंज?
कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस ईवी की रेंज (IDC) 180km की है।
SmartIQ सिस्टम से 15% बढ़ जाती है रेंज
इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 'SmartIQ' सिस्टम है। यह एक एआई-ड्रिवेन राइड मोड है जो रीयल-टाइम में राइडर के चलाने के तरीके पर नजर रखता है।
कंपनी के इंजीनियरों का दावा है कि यह सिस्टम राइडर के व्यवहार के हिसाब से पावर डिलीवरी को खुद ही एडजस्ट कर लेता है, जिससे बाइक की रेंज 15 फीसदी तक बढ़ जाती है।
रोर ईवीओ में 9 किलोवाट की इन-हाउस मोटर दी गई है, जो इसे सिर्फ 3 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में मदद करती है। इसकी टॉप स्पीड 110 किमी प्रति घंटा है।
बैटरी और चार्जिंग की क्षमता
ओबेन ने इसमें 3.4 kWh की LFP बैटरी का इस्तेमाल किया है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह बाइक 180 किमी की सर्टिफाइड IDC रेंज देती है, हालांकि असल रास्तों पर इससे करीब 150 किमी की रेंज मिलने की उम्मीद है। चार्जिंग को आसान बनाने के लिए कंपनी ने 'ओबेन प्लग' फास्ट चार्जर दिया है, जो मात्र 90 मिनट में बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज कर देता है। खराब रास्तों को ध्यान में रखते हुए इसमें 200mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 230mm की वॉटर-वेडिंग क्षमता दी गई है, जो इसे पानी भरे रास्तों पर भी सुरक्षित बनाती है।
स्टोरेज
बाइक को आरामदायक बनाने के लिए इसमें अपने सेगमेंट की सबसे लंबी सीट (680mm) और 780mm की सीट हाइट दी गई है। स्टोरेज के मामले में भी यह बाइक काफी आगे है। इसमें कुल 10 लीटर की स्टोरेज क्षमता है, जिसमें 6 लीटर सीट के नीचे और 4 लीटर टैंक पॉड में मिलता है। इस टैंक पॉड में स्मार्टफोन चार्जिंग की सुविधा भी मौजूद है।
सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के लिए इसमें 'फॉल अलर्ट' सिस्टम और इमरजेंसी असिस्ट दिया गया है, जो दुर्घटना की स्थिति में तुरंत ओबेन के 'आर्गस' (ARGUS) प्लेटफॉर्म और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को अलर्ट भेजता है।
मॉर्डन डिस्प्ले और कनेक्टिविटी
रोर ईवीओ में 5 इंच का कलर टीएफटी डिस्प्ले लगा है, जो ओबेन इलेक्ट्रिक ऐप के जरिए नेविगेशन, राइड हिस्ट्री और चोरी से बचाव जैसे फीचर्स को सपोर्ट करता है। साथ ही इसमें यूनिफाइड ब्रेक असिस्ट और ड्राइवर अलर्ट सिस्टम भी मिलता है। यह बाइक चार शानदार रंगों- पल्स रेड, न्यूट्रॉन ब्लू, मैग्नेटिक ब्लैक और फोटॉन व्हाइट में उपलब्ध होगी।

