scorecardresearch

रेस्टोरेंट, होटल, बेकरी, छोटे फूड बिजनेस करने वालों पर फूटा महंगाई का बम! ₹993 तक महंगा हुआ एलपीजी सिलेंडर

1 मई से कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतों में बड़ा झटका लगा है, जिससे कारोबारियों की लागत बढ़ने वाली है। खासकर होटल और फूड बिजनेस पर इसका असर दिख सकता है। हालांकि कुछ जरूरी ईंधन की कीमतें स्थिर रखी गई हैं। आखिर किन चीजों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर? पूरी खबर जानें।

Advertisement
AI Generated Image

LPG Price Hike: 1 मई से 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर और  5 किलो वाले ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर के कीमतों में जोरदार इजाफा हुआ है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, 19 किलो सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये और 5 किलो सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी की है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने भी इस बढ़ोतरी की पुष्टि की है।

advertisement

दिल्ली में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 3,071.50 रुपये में मिलेगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 3,024 रुपये हो गई है। वहीं, 5 किलो का छोटा सिलेंडर दिल्ली में करीब 339 रुपये पर पहुंच गया है। पिछले महीने भी इन दोनों कैटेगरी में कीमतें बढ़ाई गई थीं।

रेस्टोरेंट-होटल पर सीधा असर

इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर रेस्टोरेंट, होटल, बेकरी और छोटे फूड बिजनेस पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा के काम के लिए कमर्शियल LPG पर निर्भर हैं। आमतौर पर ऐसे कारोबारी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में खाने-पीने की कीमतों में बढ़ोतरी दिख सकती है।

घरेलू सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर

हालांकि, पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG (14.2 किलो सिलेंडर) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। IOC के अनुसार, ये वे प्रोडक्ट हैं जो करीब 90% उपभोक्ताओं को प्रभावित करते हैं। इसी तरह PDS के तहत मिलने वाले केरोसिन के दाम भी स्थिर रखे गए हैं।

एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) के घरेलू रेट भी नहीं बढ़ाए गए हैं। तेल कंपनियों ने ग्लोबल कीमतों में बढ़ोतरी का असर खुद उठाकर एयरलाइंस और यात्रियों को राहत देने की कोशिश की है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ATF महंगा हुआ है।

IOC का कहना है कि कुल मिलाकर करीब 80% पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। करीब 16% प्रोडक्ट जो ज्यादातर औद्योगिक उपयोग वाले है वो महंगे हुए हैं, जबकि 4% में कमी आई है। कंपनी ने इसे ग्लोबल बाजार के साथ तालमेल और घरेलू स्थिरता बनाए रखने की रणनीति बताया है।