
मेड इन इंडिया Jimny, Fronx और e Vitara का जापान में जलवा, 1 लाख से ज्यादा कारों का हुआ एक्सपोर्ट
भारत में बनी Maruti Suzuki की गाड़ियों ने जापान में नया मुकाम हासिल किया है। Jimny, Fronx और e Vitara की बढ़ती मांग ने कंपनी के एक्सपोर्ट सफर को नई रफ्तार दी है। आखिर जापान जैसे बड़े ऑटो बाजार में इन मेड-इन-इंडिया कारों की सफलता के पीछे क्या वजह है?

In Short
- Maruti Suzuki की Jimny, Fronx और e Vitara ने जापान में पार किया 1 लाख एक्सपोर्ट यूनिट का आंकड़ा
- जापान बना Maruti Suzuki का दूसरा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट मार्केट
- भारत में बनी कारों ने Suzuki के ग्लोबल एक्सपोर्ट नेटवर्क को दी नई मजबूती
भारत में बनी Maruti Suzuki की Jimny 5-डोर, Fronx और e Vitara ने जापान में बड़ा मुकाम हासिल किया है। कंपनी ने इन तीनों मॉडल्स की जापान को 1 लाख यूनिट एक्सपोर्ट करने का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि भारत को Suzuki के लिए एक अहम मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब के तौर पर मजबूत करती है।
जापान अब Maruti Suzuki का वॉल्यूम के हिसाब से दूसरा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट मार्केट बन गया है। कंपनी के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त FY2026-27 के दौरान भी जापान ने यह स्थान बरकरार रखा है। इससे पहले FY2025-26 में भी जापान दूसरा सबसे बड़ा बाजार रहा था।
Fronx से शुरू हुआ जापान एक्सपोर्ट का सफर
जापान को इन तीनों मॉडल्स के एक्सपोर्ट की शुरुआत Fronx से हुई थी। अगस्त 2024 में Fronx की पहली खेप जापान भेजी गई थी। इसके बाद दिसंबर 2024 में Jimny 5-डोर को जापानी बाजार के लिए एक्सपोर्ट किया गया।
वहीं, e Vitara ने सितंबर 2025 में Maruti Suzuki के एक्सपोर्ट पोर्टफोलियो में जगह बनाई। Jimny 5-डोर और e Vitara दोनों का निर्माण खास तौर पर भारत में किया जाता है। e Vitara Maruti Suzuki की पहली बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (BEV) है, जिसे कई इंटरनेशनल मार्केट्स में भी भेजा जा रहा है।

जापान में बढ़ी Made-in-India कारों की मांग
Maruti Suzuki ने बताया कि भारत में बनी इन गाड़ियों की बढ़ती लोकप्रियता ने Suzuki Motor Corporation को जापान में FY2025-26 के दौरान नंबर-1 वाहन इंपोर्टर बनने में मदद की है। कंपनी के अनुसार, जापान में Suzuki के कुल वाहन इंपोर्ट में Maruti Suzuki से बने वाहनों की हिस्सेदारी करीब 100 फीसदी रही।
जापान दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी और मांग वाले ऑटोमोबाइल बाजारों में शामिल है। ऐसे में भारत में बनी गाड़ियों की वहां बढ़ती स्वीकार्यता देश की ऑटो एक्सपोर्ट क्षमता के लिए एक अहम संकेत मानी जा रही है।
Maruti Suzuki ने बढ़ाया ग्लोबल एक्सपोर्ट नेटवर्क
Maruti Suzuki India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO Hisashi Takeuchi ने कहा कि 1 लाख यूनिट एक्सपोर्ट का आंकड़ा भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और भारत-जापान साझेदारी को दर्शाता है।
कंपनी लगातार अपने इंटरनेशनल बिजनेस का विस्तार कर रही है। Maruti Suzuki के वाहन अब Suzuki के ग्लोबल नेटवर्क के जरिए करीब 120 देशों तक पहुंच रहे हैं।
अप्रैल से अगस्त FY2026-27 के बीच कंपनी ने 1.8 लाख से ज्यादा वाहनों का एक्सपोर्ट किया है। Maruti Suzuki FY2021-22 से FY2025-26 तक भारत की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल एक्सपोर्टर कंपनी रही है। कंपनी का दावा है कि भारत से होने वाले पैसेंजर व्हीकल एक्सपोर्ट में उसकी हिस्सेदारी 50 फीसदी से ज्यादा है।

