
Defender 110: अब भारत में बनेगी 99 लाख की लग्जरी SUV! कीमत से लेकर फीचर्स तक जानें क्या बदला
लग्जरी एसयूवी डिफेंडर 110 खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। जेएलआर ने पहली बार भारत में इसका प्रोडक्शन शुरू किया है। कंपनी ने नई कीमतों के साथ कई महंगे फीचर्स भी स्टैंडर्ड कर दिए हैं। जानिए कितनी है शुरुआती कीमत, कौन-से इंजन मिलेंगे और डिलीवरी कब शुरू होगी।

In Short
- जेएलआर ने पुणे में डिफेंडर 110 का लोकल प्रोडक्शन शुरू किया, शुरुआती कीमत 99 लाख रुपये।
- एसयूवी में तीन इंजन विकल्प मिलेंगे और ग्राहकों को डिलीवरी 15 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
- अलग-अलग वेरिएंट में 6.5 लाख से 17 लाख रुपये तक के अतिरिक्त फीचर्स अब स्टैंडर्ड मिलेंगे।
ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी जेएलआर ने भारत में अपनी मशहूर डिफेंडर 110 एसयूवी का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। अब तक विदेश से मंगाई जाने वाली इस एसयूवी को भारत में ही तैयार किया जाएगा। इससे ग्राहकों को कार की डिलीवरी के लिए कम इंतजार करना पड़ सकता है। कंपनी ने इसके साथ कीमतों और मिलने वाले फीचर्स की भी जानकारी दी है।
पुणे में शुरू हुआ डिफेंडर 110 का प्रोडक्शन
जेएलआर ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित प्लांट में डिफेंडर 110 का लोकल प्रोडक्शन शुरू किया है। यह पहली बार है जब डिफेंडर का निर्माण यूरोप के बाहर किया जा रहा है।
भारत में बनी डिफेंडर 110 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 99 लाख रुपये रखी गई है। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और ग्राहकों को डिलीवरी 15 नवंबर 2026 से मिलेगी।
कंपनी के मुताबिक, भारत में प्रोडक्शन होने से ग्राहकों को डिलीवरी के लिए कम इंतजार करना पड़ सकता है। साथ ही कार की क्वालिटी और मजबूती के लिए वही वैश्विक मानक अपनाए जाएंगे।

तीन इंजन विकल्प, जानें किसकी कितनी कीमत
भारत में बनी डिफेंडर 110 एक्स-डायनेमिक एचएसई वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इसमें तीन इंजन विकल्प मिलेंगे।
-
2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल: 99 लाख रुपये
-
3.0 लीटर पेट्रोल: 1.18 करोड़ रुपये
-
3.0 लीटर डीजल: 1.18 करोड़ रुपये
ये सभी कीमतें नई दिल्ली की एक्स-शोरूम हैं। तीनों इंजन के साथ आठ-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है।
ग्राहक लैंड रोवर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या देशभर में कंपनी की 32 अधिकृत डीलरशिप से बुकिंग कर सकते हैं।
अब बिना अतिरिक्त पैसे दिए मिलेंगे कई फीचर्स
लोकल प्रोडक्शन वाली डिफेंडर 110 में कंपनी ने कई ऐसे फीचर्स स्टैंडर्ड कर दिए हैं, जिनके लिए पहले अतिरिक्त पैसे देने पड़ते थे।
2.0 लीटर पेट्रोल वेरिएंट में 6.5 लाख रुपये तक के अतिरिक्त फीचर्स स्टैंडर्ड मिलेंगे। इनमें इलेक्ट्रॉनिक एयर सस्पेंशन, अलग-अलग रास्तों के हिसाब से ड्राइविंग सेटिंग, पानी की गहराई बताने वाला सिस्टम, तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और केबिन एयर प्यूरीफायर शामिल हैं।
इसके अलावा आगे की सीटों में हीटिंग, कूलिंग और मेमोरी फंक्शन मिलता है। फ्रंट सेंटर कंसोल में छोटा रेफ्रिजरेटर कंपार्टमेंट भी दिया गया है।
वहीं, 3.0 लीटर पेट्रोल और डीजल वेरिएंट में 17 लाख रुपये तक के अतिरिक्त फीचर्स स्टैंडर्ड मिलेंगे। इनमें मेरिडियन सराउंड साउंड सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले, पीछे की क्लाइमेट-कंट्रोल सीटें और 20 इंच के अलॉय व्हील्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
ऑफ-रोडिंग के लिए क्या है खास?
डिफेंडर 110 को मुश्किल रास्तों पर चलने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें एयर सस्पेंशन, टेरेन रिस्पॉन्स 2 और पानी से गुजरते समय मदद करने वाली वेड सेंसिंग तकनीक मिलती है।
इस एसयूवी में कॉन्फिगरेशन के हिसाब से सात लोगों के बैठने की जगह मिल सकती है। कंपनी ने इसकी मजबूती जांचने के लिए कठिन परिस्थितियों में कई टेस्ट भी किए हैं।
जेएलआर भारत में 2011 से गाड़ियां बना रही है। हालांकि, डिफेंडर 110 का भारत में निर्माण पहली बार शुरू हुआ है। वैश्विक बाजारों के लिए डिफेंडर का प्रोडक्शन स्लोवाकिया में जारी रहेगा।

