scorecardresearch

Kia Carens CNG vs Maruti Ertiga CNG: कीमत, माइलेज, इंजन और फीचर्स में कौन सी 7-सीटर कार बेहतर?

Kia Carens की एंट्री के बाद MPV सेगमेंट में Maruti Ertiga CNG को नई चुनौती मिली है। दोनों कारों की कीमत करीब है, लेकिन साइज, इंजन, फीचर्स और माइलेज में बड़ा अंतर है। जानिए कौन सी CNG MPV आपकी जरूरत और बजट के हिसाब से बेहतर विकल्प बन सकती है।

Advertisement

In Short

  • Kia Carens और Maruti Ertiga CNG की कीमत में सिर्फ करीब ₹12 हजार का अंतर है।
  • Carens CNG में ज्यादा पावर, बड़ा साइज और प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं, जबकि Ertiga माइलेज में आगे है।
  • दोनों MPV में 6 एयरबैग मिलते हैं, लेकिन स्पेस और परफॉर्मेंस के मामले में दोनों की अलग-अलग खूबियां हैं।

भारतीय बाजार में CNG कारों की मांग लगातार बढ़ रही है। खासकर बड़े परिवारों के लिए ऐसी कारों की तलाश रहती है, जिनमें ज्यादा जगह हो और रनिंग कॉस्ट भी कम आए। इसी सेगमेंट में मारुति अर्टिगा लंबे समय से मजबूत पकड़ बनाए हुए है। अब Kia ने भी Carens और Carens Clavis के CNG वेरिएंट लॉन्च कर इस मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

advertisement

Kia Carens CNG की शुरुआती कीमत 12.12 लाख रुपये है, जो सीधे तौर पर Maruti Ertiga ZXI CNG को टक्कर देती है। दोनों कारों की कीमत में ज्यादा अंतर नहीं है, लेकिन साइज, इंजन, फीचर्स और माइलेज के मामले में दोनों अलग-अलग खूबियां रखती हैं।

कीमत और साइज में कितना अंतर?

Kia Carens CNG को सिर्फ Premium (O) वेरिएंट में पेश किया गया है, जिसकी कीमत 12.12 लाख रुपये है। वहीं Maruti Ertiga CNG दो वेरिएंट ZXI और VXI में आती है। Ertiga ZXI CNG की कीमत Carens CNG से करीब 12 हजार रुपये कम है। वहीं Ertiga VXI CNG की कीमत 10.94 लाख रुपये है, जो Carens CNG से 1.18 लाख रुपये सस्ती है।

साइज की बात करें तो Kia Carens CNG ज्यादा बड़ी है। इसकी लंबाई 4,540 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊंचाई 1,708 मिमी है। वहीं Ertiga की लंबाई 4,395 मिमी, चौड़ाई 1,735 मिमी और ऊंचाई 1,690 मिमी है।

दोनों कारों में 7 लोगों के बैठने की सुविधा मिलती है, लेकिन Carens का व्हीलबेस 2,780 मिमी है, जबकि Ertiga में 2,740 मिमी का व्हीलबेस मिलता है। यानी Carens का केबिन ज्यादा बड़ा है और इसमें यात्रियों को ज्यादा जगह मिल सकती है।

CNG टैंक और बूट स्पेस में फर्क

दोनों MPV में 60 लीटर का CNG टैंक दिया गया है। लेकिन टैंक की जगह की वजह से बूट स्पेस में अंतर आता है।

Kia Carens CNG में CNG टैंक बूट के अंदर लगाया गया है, जिससे इसका बूट स्पेस 216 लीटर से घटकर 116 लीटर रह जाता है। वहीं Ertiga में CNG किट के बाद बूट स्पेस काफी सीमित हो जाता है।

इंजन और परफॉर्मेंस में Carens आगे

Kia Carens CNG में 1.5 लीटर 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जो CNG मोड में 94.7 bhp की पावर और 123 Nm का टॉर्क देता है।

वहीं Maruti Ertiga CNG का 1.5 लीटर इंजन 86.6 bhp की पावर और 121.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यानी Carens करीब 8 bhp ज्यादा पावर देती है। Carens में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है, जबकि Ertiga में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है।

advertisement

माइलेज में Ertiga को बढ़त

माइलेज के मामले में Maruti Ertiga CNG आगे नजर आती है। कंपनी के अनुसार Ertiga CNG करीब 26.11 किमी/किग्रा तक का माइलेज दे सकती है।

वहीं Kia Carens CNG के माइलेज की आधिकारिक जानकारी अभी साझा नहीं की गई है। हालांकि उम्मीद है कि यह करीब 22 किमी/किग्रा तक माइलेज दे सकती है।

फीचर्स और सेफ्टी में कौन बेहतर?

Kia Carens CNG में 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कार प्ले, 12.5-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, रियर कैमरा और सेमी-लेदरेट सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।

वहीं Ertiga ZXI CNG में 7-इंच स्मार्टप्ले इंफोटेनमेंट सिस्टम, अलॉय व्हील, डुअल-टोन इंटीरियर, रियर AC वेंट्स और 60:40 स्प्लिट सेकेंड रो सीट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

सेफ्टी की बात करें तो दोनों कारों में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड मिलते हैं। Carens में ABS, EBD, ESP, हिल-स्टार्ट असिस्ट और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं। Ertiga में ABS, EBD, ब्रेक असिस्ट और आगे डिस्क व पीछे ड्रम ब्रेक दिए गए हैं।

कौन सी कार ज्यादा पैसा वसूल?

Kia Carens CNG ज्यादा बड़ी है, इसमें ज्यादा पावरफुल इंजन, लंबा व्हीलबेस, 6-स्पीड गियरबॉक्स और प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं। दूसरी ओर Maruti Ertiga CNG कम कीमत, ज्यादा माइलेज और लो-मेंटनेंस के लिए जानी जाती है।

advertisement

ऐसे में Carens उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है जो ज्यादा स्पेस और फीचर्स चाहते हैं, जबकि Ertiga बजट और माइलेज को प्राथमिकता देने वालों के लिए मजबूत विकल्प बनी रहती है।