
Honda की पहली इलेक्ट्रिक SUV की लॉन्च डेट आई सामने, शानदार लुक और हाईटेक फीचर्स के साथ होगी एंट्री
भारत के इलेक्ट्रिक कार बाजार में Honda बड़ी एंट्री करने की तैयारी में है। कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने जा रही है, जिसका डिजाइन काफी अलग और फ्यूचरिस्टिक हो सकता है। नई SUV में कई आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। जानिए इसकी लॉन्चिंग, संभावित रेंज और मुकाबले की पूरी डिटेल।

In Short
- होंडा की पहली इलेक्ट्रिक SUV भारत में 2 दिसंबर को लॉन्च होगी, यह 0 Alpha कॉन्सेप्ट पर आधारित होगी।
- नई इलेक्ट्रिक SUV में फ्यूचरिस्टिक डिजाइन, बड़ा टचस्क्रीन और आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
- होंडा की नई SUV का मुकाबला Hyundai Creta Electric, Mahindra BE 6 और Tata Sierra EV जैसी गाड़ियों से हो सकता है।
जापानी कार कंपनी होंडा भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV को 2 दिसंबर को भारत में लॉन्च करेगी। यह नई SUV Honda 0 Alpha कॉन्सेप्ट पर आधारित होगी। इसमें फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और आधुनिक तकनीक देखने को मिल सकती है। खास बात यह है कि कंपनी इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण भारत में ही करने की योजना बना रही है।
भारत में शुरू हो चुकी है टेस्टिंग
Honda ने अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो के दौरान 0 Alpha कॉन्सेप्ट को पहली बार पेश किया था। इसके बाद 16 मार्च से भारत में इसकी रोड टेस्टिंग शुरू की गई। कंपनी अलग-अलग सड़कों और मौसम में इसकी परफॉर्मेंस, मजबूती और बैटरी की क्षमता जांच रही है।
कैसा होगा नई इलेक्ट्रिक SUV का डिजाइन?
नई होंडा इलेक्ट्रिक SUV का डिजाइन काफी आकर्षक और मॉडर्न होने की उम्मीद है। इसमें ऊंची छत, बड़े शीशे और चौड़ा केबिन मिल सकता है।
टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में चौकोर व्हील आर्च, स्मूथ बॉडी पैनल और खास डिजाइन वाले पहिए दिखाई दिए हैं। इसके फ्रंट में बंद ग्रिल जैसा डिजाइन और अलग तरह की लाइटिंग मिल सकती है। पीछे की तरफ बड़ी विंडस्क्रीन और रूफ स्पॉइलर मिलने की उम्मीद है।
केबिन में मिल सकते हैं ये फीचर्स
होंडा ने अभी इस SUV के इंटीरियर की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, टेस्टिंग की तस्वीरों से पता चलता है कि इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है।
इसके अलावा कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की भी संभावना है। हालांकि, इन फीचर्स की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बैटरी और रेंज को लेकर क्या उम्मीद?
नई इलेक्ट्रिक SUV की बैटरी क्षमता और ड्राइविंग रेंज का खुलासा अभी नहीं हुआ है। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इसमें 60kWh से 70kWh तक का बैटरी पैक और सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकती है।
कंपनी गर्मी, बारिश और अलग-अलग चार्जिंग सुविधाओं के बीच इसकी टेस्टिंग कर रही है। इसकी वास्तविक रेंज और चार्जिंग टाइम की जानकारी लॉन्च के आसपास सामने आएगी।
भारत में बनेगी Honda की नई इलेक्ट्रिक SUV
होंडा इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण भारत में करेगी। यहां बनने वाली गाड़ियों को घरेलू बाजार में बेचने के साथ दूसरे देशों में एक्सपोर्ट करने की भी योजना है।
स्थानीय उत्पादन से कंपनी को कीमत प्रतिस्पर्धी रखने में मदद मिल सकती है।
किन गाड़ियों से होगा मुकाबला?
होंडा ने अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Hyundai Creta Electric, Mahindra BE 6 और आने वाली Tata Sierra EV जैसी गाड़ियों से हो सकता है।
2 दिसंबर को लॉन्च के दौरान कंपनी इस SUV की कीमत, बैटरी, रेंज और फीचर्स से जुड़ी अहम जानकारियां सामने ला सकती है।

