scorecardresearch

वंदे भारत स्लीपर के 2AC कोच ने मचाई धूम! फ्लाइट जैसी सुविधाओं से लैस ट्रेन का वीडियो हुआ वायरल

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के 2AC कोच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके शानदार इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं ने यात्रियों का ध्यान खींचा है। कई लोग इसकी तुलना प्रीमियम फ्लाइट से कर रहे हैं। आखिर इस कोच में ऐसा क्या खास है? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • वंदे भारत स्लीपर के 2AC कोच का वीडियो वायरल, फ्लाइट जैसी सुविधाओं ने खींचा यात्रियों का ध्यान।
  • आरामदायक बर्थ, पर्सनल एसी वेंट और आधुनिक टॉयलेट जैसी सुविधाओं से लैस है कोच।
  • 16 कोच वाली ट्रेन में 823 यात्रियों की क्षमता, टिकट की शुरुआती कीमत 960 रुपये।

भारतीय रेलवे की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन एक बार फिर चर्चा में है। इस बार ट्रेन के 2AC कोच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कोच के शानदार इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं को दिखाया गया है। इसे देखकर कई लोग इसकी तुलना प्रीमियम फ्लाइट के केबिन से कर रहे हैं। आरामदायक बर्थ से लेकर पर्सनल एसी और आधुनिक टॉयलेट तक, इस ट्रेन में यात्रियों के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं।

advertisement

आरामदायक बर्थ और प्राइवेसी का खास इंतजाम

वायरल वीडियो में वंदे भारत स्लीपर के 2AC कोच की कई खूबियां सामने आई हैं। इसमें यात्रियों के आराम के लिए मुलायम गद्दों वाली बर्थ दी गई हैं। ऊपरी बर्थ तक पहुंचने के लिए आसानी से चढ़ने वाली सीढ़ियां लगाई गई हैं।

हर बर्थ के पास लैपटॉप और मोबाइल चार्ज करने के लिए अलग-अलग पॉइंट दिए गए हैं। इसके अलावा फोन होल्डर, सामान रखने की अतिरिक्त जगह और पढ़ने के लिए पर्सनल लाइट भी मौजूद है। यात्रियों की प्राइवेसी के लिए पर्दे लगाए गए हैं।

हर बर्थ पर मिलेगा पर्सनल एसी

इस ट्रेन की सबसे खास सुविधाओं में पर्सनल एसी वेंट शामिल है। हर बर्थ पर कार की तरह एसी एयर सर्कुलेशन वेंट दिया गया है। इसकी मदद से यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से आसपास की हवा का बहाव कम या ज्यादा कर सकते हैं।

कोच में बड़ी पैनोरमिक खिड़कियां भी लगाई गई हैं, जिनसे सफर के दौरान बाहर का नजारा देखा जा सकता है। इसके अलावा जीपीएस आधारित स्क्रीन पर ट्रेन की स्पीड, अगला स्टेशन और यात्रा से जुड़ी दूसरी जानकारियां मिलती हैं।

फ्लाइट जैसे टॉयलेट और खाने की सुविधा

वंदे भारत स्लीपर के 2AC कोच में विमान जैसे आधुनिक वैक्यूम बायो-टॉयलेट दिए गए हैं। इनमें सेंसर आधारित फ्लश सिस्टम मौजूद है। टॉयलेट के पास आधुनिक वॉश बेसिन और शीशे की व्यवस्था भी है।

इसके अलावा कोच में पैंट्री की जगह दी गई है, जिससे यात्रियों को निर्धारित आईआरसीटीसी मील सर्विस उपलब्ध कराई जा सकेगी।

कितनी है ट्रेन की क्षमता और टिकट की कीमत?

16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 यात्री सफर कर सकते हैं। इसमें फर्स्ट एसी की 24, सेकंड एसी की 188 और थर्ड एसी की 611 बर्थ हैं।

किराए की बात करें तो 400 किलोमीटर तक के 3AC सफर के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 960 रुपये बताई गई है। वहीं, अधिकतम 3,500 किलोमीटर के रूट पर 1AC का किराया 13,300 रुपये तक पहुंच सकता है।

सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग?

advertisement

वायरल वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने ट्रेन की सुविधाओं की तारीफ की है। खासकर प्राइवेसी पर्दे, चार्जिंग पॉइंट, आरामदायक बर्थ और आधुनिक टॉयलेट लोगों को पसंद आ रहे हैं।

हालांकि, कुछ यूजर्स का कहना है कि ट्रेन की असली परीक्षा नियमित कमर्शियल संचालन के दौरान होगी। सफाई, समय पर ट्रेन चलने, यात्रियों को मिलने वाली सर्विस और टिकट की कीमत जैसे पहलू ही तय करेंगे कि यह ट्रेन यात्रियों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।