
दिल्ली में इलेक्ट्रिक ऑटो से क्यों दूरी बना रहे हैं ड्राइवर? ₹50 हजार की सब्सिडी के बावजूद एक भी आवेदन नहीं
दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए सरकार इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद पर हजारों रुपये की सब्सिडी दे रही है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को लेकर लोगों में उत्साह दिख रहा है, लेकिन कमर्शियल गाड़ियों के मामले में तस्वीर बिल्कुल अलग है। आखिर सरकार की EV पॉलिसी के सामने क्या चुनौतियां हैं?

In Short
- इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की खरीद पर सब्सिडी के लिए आए 12,584 आवेदन।
- ₹50 हजार की सब्सिडी के बावजूद इलेक्ट्रिक ऑटो के लिए एक भी आवेदन नहीं।
- गाड़ियों की ऊंची कीमत और चार्जिंग सुविधाओं की कमी बनी बड़ी चुनौती।
दिल्ली में प्रदूषण कम करने और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लागू की गई दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2026 के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पॉलिसी लागू होने के करीब पांच महीने बाद भी इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। वहीं, इलेक्ट्रिक मालवाहक गाड़ियों के लिए सिर्फ 37 आवेदन मिले हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ये आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं, जब दिल्ली में 1 जनवरी 2027 से पेट्रोल, डीजल और CNG से चलने वाले नए ऑटो के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने की तैयारी है।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियों की खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए अब तक 12,584 आवेदन आए हैं। वहीं, पुराने टू-व्हीलर को स्क्रैप कराने पर मिलने वाले 10,000 रुपये के इंसेंटिव के लिए 237 आवेदन मिले हैं।
दूसरी ओर, पारंपरिक ईंधन से चलने वाले थ्री-व्हीलर को स्क्रैप कराने पर मिलने वाले 25,000 रुपये के इंसेंटिव के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। मालवाहक गाड़ियों को स्क्रैप कराने पर मिलने वाले 50,000 रुपये के इंसेंटिव के लिए भी सिर्फ एक आवेदन मिला है।
किस गाड़ी पर कितनी मिल रही सब्सिडी?
दिल्ली की EV पॉलिसी के तहत इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने पर पहले साल 50,000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। दूसरे साल यह रकम घटकर 40,000 रुपये और तीसरे साल 30,000 रुपये रह जाएगी। वहीं, इलेक्ट्रिक मालवाहक गाड़ियों की खरीद पर पहले साल एक लाख रुपये तक का इंसेंटिव दिया जा रहा है।

महंगी गाड़ियां और चार्जिंग की समस्या
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों की कीमत काफी ज्यादा है। हालांकि, लोगों ने इनमें दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी है। चार्जिंग की सुविधाएं बढ़ने के साथ इनकी मांग में भी तेजी आने की उम्मीद है।
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी का कहना है कि CNG ऑटो में गैस भरवाने में सिर्फ 5 से 10 मिनट लगते हैं, जबकि इलेक्ट्रिक ऑटो की चार्जिंग में ज्यादा समय लगता है। इलेक्ट्रिक गाड़ियों के रखरखाव का खर्च भी ज्यादा है। उनके मुताबिक, सब्सिडी कम से कम 1.5 लाख रुपये होनी चाहिए।
सब्सिडी पोर्टल में भी तकनीकी दिक्कतें
इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों ने सब्सिडी पोर्टल में तकनीकी खामियों की बात भी कही है। कुछ योग्य इलेक्ट्रिक गाड़ियों के मॉडल पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा, गाड़ियों के प्रमुख कंपोनेंट्स भारत में बनाने या असेंबल करने की अनिवार्यता के चलते खरीदारों के पास सीमित विकल्प हैं।
दिल्ली में प्रदूषण कम करना बड़ी चुनौती
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि दिल्ली में सर्दियों के दौरान होने वाले वायु प्रदूषण में गाड़ियों से निकलने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 23 फीसदी है। ऑटो और हल्की मालवाहक गाड़ियां सड़कों पर ज्यादा समय बिताती हैं और लंबी दूरी तय करती हैं। यही वजह है कि EV पॉलिसी में इन्हें इलेक्ट्रिक गाड़ियों में बदलने को प्राथमिकता दी गई है।


