
गोल्ड लोन के नाम पर बढ़ रहा कर्ज का बोझ! क्या आर्थिक संकट में फंस रहे सोना गिरवी रखने वाले लोग?
देश में सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच CRIF की लेटेस्ट रिपोर्ट में गोल्ड लोन लेने वालों को लेकर कई चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। आखिर बार-बार गोल्ड लोन लेना कब बन सकता है मुसीबत और किन गलतियों से बचना है जरूरी?

In Short
- गोल्ड लोन लेने वाले 55% ग्राहक छह महीने में दोबारा ले रहे गोल्ड लोन
- सालाना आधार पर 60.6% बढ़कर 23.3 लाख करोड़ रुपये पहुंचा गोल्ड लोन पोर्टफोलियो
- छोटे गोल्ड लोन के भुगतान में बढ़ रही देरी, कर्ज के जाल में फंसने का खतरा
देश में सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन इस बीच गोल्ड लोन लेने वालों को लेकर एक चिंताजनक आंकड़ा सामने आया है। CRIF क्रेडिट इन्फॉर्मेशन सर्विसेज की लेटेस्ट गोल्ड लोन रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्ड लोन लेने वाले 55 प्रतिशत ग्राहक छह महीने के अंदर दोबारा गोल्ड लोन लेते हैं। वहीं, 9.4 प्रतिशत ग्राहक पर्सनल लोन और 9.4 प्रतिशत ग्राहक कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन लेते हैं।
सितंबर 2026 में देश का बकाया गोल्ड लोन पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 60.6 प्रतिशत बढ़कर 23.3 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। सितंबर 2024 में यह आंकड़ा 10.7 लाख करोड़ रुपये था।
कब चिंता की बात है बार-बार गोल्ड लोन लेना?
गोल्ड लोन के जरिए लोग अपने गहने बेचे बिना मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई, खेती और कारोबार की जरूरतों के लिए आसानी से पैसा जुटा सकते हैं।
बार-बार गोल्ड लोन लेना हमेशा आर्थिक परेशानी का संकेत नहीं होता है। हालांकि, जब लोग घर के रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने या पुराने कर्ज को चुकाने के लिए नया लोन लेते हैं तो कर्ज के जाल में फंसने का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, CRIF की रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि लोग आर्थिक परेशानी, पुराने कर्ज के भुगतान या कारोबारी जरूरतों के चलते दोबारा लोन ले रहे हैं।
कर्ज चुकाने में बढ़ रही परेशानी
रिपोर्ट के मुताबिक, एक लाख रुपये तक के गोल्ड लोन में शुरुआती स्तर पर भुगतान में देरी का आंकड़ा जून 2026 के 1.2 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में 1.9 प्रतिशत हो गया है।
वहीं, कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में बेहद ज्यादा जोखिम वाले ग्राहकों की हिस्सेदारी सितंबर 2024 के 14.8 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में 16.7 प्रतिशत हो गई है। 2.5 लाख रुपये तक के लोन में यह हिस्सेदारी 18.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में गोल्ड लोन की औसत रकम भी सालाना आधार पर 32.7 प्रतिशत बढ़कर 2.2 लाख रुपये हो गई है।

नीलाम हो सकते हैं सोने के गहने
बार-बार गोल्ड लोन रिन्यू कराना, अलग-अलग संस्थाओं से कर्ज लेना और पुराने लोन का ब्याज चुकाने के लिए नया कर्ज लेना खतरे के संकेत हो सकते हैं।
समय पर कर्ज नहीं चुकाने से अतिरिक्त ब्याज और पेनल्टी का बोझ बढ़ सकता है। इससे क्रेडिट स्कोर भी खराब हो सकता है। लंबे समय तक भुगतान नहीं करने पर नियमों के तहत गिरवी रखे गहनों की नीलामी भी हो सकती है। वहीं, सोने की कीमतों में गिरावट आने पर अतिरिक्त रकम चुकाने की जरूरत पड़ सकती है।
कर्ज के जाल में फंसने से कैसे बचें?
गोल्ड लोन लेने से पहले अपनी कर्ज चुकाने की क्षमता का आकलन करें। इमरजेंसी फंड बनाकर रखें और पुराने कर्ज को चुकाने के लिए नया लोन लेने से बचें। ब्याज दरों, भुगतान की शर्तों और नीलामी से जुड़े नियमों को भी अच्छी तरह समझें।
CRIF ने कर्ज देने वाली संस्थाओं को भी सलाह दी है कि वे सोने की कीमत के साथ ग्राहकों की क्रेडिट हिस्ट्री और आमदनी के आधार पर कर्ज चुकाने की क्षमता का आकलन करें।


