टाटा संस की लिस्टिंग पर फिर बढ़ सकता है टकराव! 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर टिकी निगाहें
टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर एक बार फिर टाटा ट्रस्ट्स और कंपनी के बोर्ड के बीच टकराव बढ़ सकता है। बोर्ड छह महीने के भीतर लिस्टिंग की योजना पर विचार कर रहा है, जबकि नोएल टाटा इसके खिलाफ हैं।

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस (Tata Sons) की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर एक बार फिर टकराव बढ़ सकता है। सोमवार, 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड मीटिंग में यह मुद्दा नोएल टाटा के नेतृत्व वाले टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बोर्ड सदस्यों के बीच विवाद की बड़ी वजह बन सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नवंबर की शुरुआत में टाटा संस को पत्र लिखकर लिस्टिंग समेत अपर लेयर NBFC से जुड़े सभी नियमों का पालन करने को कहा था।
छह महीने में लिस्टिंग की तैयारी
25 नवंबर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा संस के बोर्ड ने संभावित लिस्टिंग की दिशा में काम शुरू कर दिया है। बोर्ड मीटिंग के एजेंडे में बदलाव कर छह महीने के भीतर कंपनी की लिस्टिंग की योजना को शामिल किया गया है। हालांकि, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इसके खिलाफ हैं। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66% हिस्सेदारी है।
लिस्टिंग रोकने के लिए क्या है नोएल टाटा का प्लान?
सितंबर 2026 में टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स सॉल्यूशंस का टाटा संस में विलय करने का प्रस्ताव दिया था। इसके पीछे मकसद टाटा संस को निवेश कंपनी के बजाय कारोबारी गतिविधियां संचालित करने वाली कंपनी बनाना था, जिससे अनिवार्य लिस्टिंग की शर्त से बचने की संभावना बन सके।
टाटा संस ने कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन रद्द करने की अर्जी भी दी थी, जिसे RBI ने सितंबर में खारिज कर दिया था। हालांकि, 2026 में करीब 12 अन्य CIC का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है।
लिस्टिंग के समर्थन में क्यों है SP ग्रुप?
शापूरजी पालोनजी (SP) ग्रुप टाटा संस की लिस्टिंग का सबसे बड़ा समर्थक है। टाटा संस में उसकी 18% से ज्यादा हिस्सेदारी है। ग्रुप लिस्टिंग के जरिए अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचकर कर्ज कम करना चाहता है।
हालांकि, सितंबर की बोर्ड मीटिंग में नोएल टाटा ने SP ग्रुप की कुछ हिस्सेदारी बेचने से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा था, जिससे ग्रुप को कम से कम 25,000 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इसके अलावा शेयर बायबैक जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है।
नोएल टाटा को किस बात का डर?
नोएल टाटा का मानना है कि लिस्टिंग से टाटा संस की दशकों पुरानी कारोबारी सोच बदल सकती है। उन्होंने हाल ही में आशंका जताई थी कि 30 से 40 हजार शेयरधारक होने पर समाज सेवा के मुकाबले मुनाफे को ज्यादा प्राथमिकता मिलने लग सकती है।
लिस्टिंग से पहले टाटा संस को अपने आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में बदलाव करने के साथ प्राइवेट से पब्लिक कंपनी बनना होगा। ऐसे में सोमवार की बोर्ड मीटिंग पर सभी की निगाहें रहेंगी।


