ईवी मार्केट में बड़ा उलटफेर! TVS-Bajaj का कब्जा, Ola Electric की बिक्री में भारी गिरावट
रिपोर्ट के मुताबिक बेहतर बैटरी इकोनॉमिक्स, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और नए प्रोडक्ट्स के चलते EV इकोसिस्टम मजबूत हुआ। हालांकि इसी दौर में कई शुरुआती EV स्टार्टअप्स को संचालन, सप्लाई चेन और पूंजी से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

In Short
- FY26 में भारत के EV टू-व्हीलर बाजार में बड़ा बदलाव, TVS, Bajaj, Ather और Hero ने मिलकर करीब 80% मार्केट शेयर हासिल किया।
- Ola Electric की बिक्री में बड़ी गिरावट, मार्च 2024 के ~53,000 यूनिट से घटकर फरवरी 2026 में करीब 4,000 यूनिट रह गई।
- मजबूत सर्विस नेटवर्क और भरोसेमंद ब्रांड के कारण पारंपरिक ऑटो कंपनियों का EV बाजार में दबदबा बढ़ा।
भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में FY26 एक बड़ा बदलाव लेकर आया। घरेलू ब्रोकरेज Antique Stock Broking की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल बाजार की कमान धीरे-धीरे स्टार्टअप्स से हटकर पारंपरिक ऑटो कंपनियों के हाथ में जाती दिखी।
रिपोर्ट के मुताबिक बेहतर बैटरी इकोनॉमिक्स, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और नए प्रोडक्ट्स के चलते EV इकोसिस्टम मजबूत हुआ। हालांकि इसी दौर में कई शुरुआती EV स्टार्टअप्स को संचालन, सप्लाई चेन और पूंजी से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
बाजार में OEM कंपनियों का दबदबा
Antique Stock Broking के अनुसार, FY26 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में चार कंपनियों ने मिलकर 80% हिस्सेदारी पर कब्जा कर लिया।
इसमें TVS Motor Company 28% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही। इसके बाद Bajaj Auto (23%), Ather Energy (18%) और Hero MotoCorp (11%) का स्थान रहा।
ब्रोकरेज ने कहा कि यह बदलाव साफ संकेत देता है कि ग्राहक अब मजबूत सर्विस नेटवर्क, आसान फाइनेंसिंग और भरोसेमंद ब्रांड की ओर झुक रहे हैं। यही वजह है कि बड़े OEM खिलाड़ियों को बढ़त मिल रही है और बाजार में कंसोलिडेशन तेज हो रहा है।
Ola Electric के लिए कठिन साल
रिपोर्ट के मुताबिक FY26 Ola Electric Mobility के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी की मंथली बिक्री मार्च 2024 के करीब 53,000 यूनिट से गिरकर फरवरी 2026 में सिर्फ 4,000 यूनिट तक आ गई।
Antique ने इसके पीछे कई कारण बताए हैं जैसे- आफ्टर-सेल्स सर्विस से जुड़ी शिकायतें, स्पेयर पार्ट्स की कमी, डिलीवरी में देरी और ग्राहकों की नाराजगी से कंपनी की साख पर असर पड़ा।
ब्रोकरेज का कहना है कि यह स्थिति दिखाती है कि बड़े पैमाने पर EV बिजनेस चलाने के लिए मजबूत सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर कितना जरूरी है- जहां पारंपरिक ऑटो कंपनियां आगे हैं।
TVS और Ather की मजबूत बढ़त
रिपोर्ट में कहा गया कि TVS Motor का iQube प्लेटफॉर्म FY26 में जबरदस्त मांग के साथ उभरा। कंपनी की औसत मंथली बिक्री करीब 25,000 यूनिट रही और जनवरी 2026 में यह 34,800 यूनिट के शिखर पर पहुंची। ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी FY26 में EV सेगमेंट में 33% सालाना वृद्धि दर्ज कर सकती है।
वहीं Ather Energy ने FY26 में अपनी रणनीति बदली और प्रीमियम ब्रांड से फैमिली मोबिलिटी प्लेयर की तरफ बढ़ी। कंपनी का Rizta मॉडल शुरुआती 2026 तक कुल बिक्री का करीब 70% हिस्सा बन गया। कंपनी औरंगाबाद इंडस्ट्रियल सिटी (AURIC) में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बना रही है, जिससे क्षमता 4.2 लाख से बढ़कर 14.2 लाख यूनिट सालाना हो जाएगी।
Hero और Bajaj की रणनीतिक चालें
Hero MotoCorp ने VIDA प्लेटफॉर्म के जरिए EV बाजार में अपनी पकड़ मजबूत की। अप्रैल 2025 में 6,500 यूनिट से बढ़कर फरवरी 2026 तक बिक्री 12,500 यूनिट तक पहुंच गई। कंपनी ने Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल भी पेश किया, जिसमें स्कूटर की शुरुआती कीमत 44,990 रुपये रखी गई और बैटरी के लिए 0.96 रुपये प्रति किमी का सब्सक्रिप्शन मॉडल लागू किया गया।
दूसरी ओर Bajaj Auto ने Chetak लाइनअप को मजबूत करते हुए जून 2025 में Chetak 30 सीरीज लॉन्च की। हालांकि अगस्त 2025 में दुर्लभ धातु मैग्नेट की कमी से उत्पादन प्रभावित हुआ और बिक्री 12,000 यूनिट तक गिर गई, लेकिन सप्लाई सामान्य होने के बाद सितंबर में यह 19,500 यूनिट तक लौट आई।

