scorecardresearch

Ather के इलेक्ट्रिक स्कूटर की रिकॉर्ड डिमांड! 158% बढ़ा प्री-ऑर्डर, कई राज्यों में बढ़ी वेटिंग

एथर एनर्जी के इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिमांड अचानक तेजी से बढ़ी है। कंपनी के CEO ने बताया कि मांग इतनी बढ़ गई है कि सप्लाई पूरी करना मुश्किल हो रहा है। नए प्लांट, बढ़ती बिक्री और आने वाले स्कूटर लॉन्च को लेकर कंपनी ने कई बड़े संकेत दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें।

Advertisement

In Short

  • एथर के इलेक्ट्रिक स्कूटर के पेड प्री-ऑर्डर 158% बढ़कर 1.5 लाख यूनिट पहुंचे, कई राज्यों में 2 महीने से ज्यादा की वेटिंग।
  • CEO तरुण मेहता ने कहा कि पर्याप्त कैपेसिटी होती तो कंपनी हर महीने 13,000-15,000 अतिरिक्त स्कूटर बेच सकती थी।
  • नए औरंगाबाद प्लांट से कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता 4.2 लाख से बढ़कर Q1 FY28 तक 9.2 लाख यूनिट हो जाएगी।

इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में एथर एनर्जी की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग इतनी बढ़ गई है कि अब सप्लाई पूरी करना चुनौती बन गया है। एथर के CEO तरुण मेहता ने बताया कि कंपनी के पास बड़ी संख्या में पेड प्री-ऑर्डर हैं और ग्राहक लंबी वेटिंग का सामना कर रहे हैं।

advertisement

एथर के पेड प्री-ऑर्डर 158% बढ़े

एथर एनर्जी के CEO तरुण मेहता ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी के पेड प्री-ऑर्डर पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 158% बढ़कर 1.5 लाख यूनिट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिमांड पहले के मुकाबले काफी अलग स्तर पर पहुंच गई है।

कंपनी के कई राज्यों में डीलर्स अब नए प्री-ऑर्डर लेना बंद कर चुके हैं, क्योंकि कुछ जगहों पर वेटिंग पीरियड 2 महीने या उससे ज्यादा हो गया है। वहीं, एथर के EV रजिस्ट्रेशन भी तेजी से बढ़े हैं। Q1 FY26 में जहां 44,900 यूनिट रजिस्ट्रेशन हुए थे, वहीं Q1 FY27 में यह आंकड़ा बढ़कर 90,000 यूनिट से ज्यादा हो गया।

हर महीने 15 हजार और स्कूटर बेच सकती थी कंपनी

तरुण मेहता ने कहा कि अगर कंपनी के पास पर्याप्त मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी होती तो वह हर महीने 13,000 से 15,000 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक स्कूटर बेच सकती थी। फिलहाल तमिलनाडु के होसुर स्थित एथर का प्लांट करीब 100% कैपेसिटी पर काम कर रहा है।

कंपनी महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित AURIC में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तैयार कर रही है। इस प्लांट के शुरू होने के बाद कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता 4.2 लाख यूनिट से बढ़कर Q1 FY28 तक 9.2 लाख यूनिट हो जाएगी।

नया मास मार्केट इलेक्ट्रिक स्कूटर जल्द होगा लॉन्च

एथर 29 अगस्त को होने वाले Ather Community Day पर अपना पहला मास मार्केट इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। यह नया स्कूटर EL प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। कंपनी को उम्मीद है कि इस लॉन्च से आने वाली तिमाहियों में डिमांड और बढ़ सकती है।

तरुण मेहता ने कहा कि फ्यूल की उपलब्धता को लेकर लोगों की चिंता भी EV की तरफ बढ़ते रुझान की एक वजह बन रही है। ग्राहकों को अब लग रहा है कि भविष्य में पेट्रोल और दूसरे फॉसिल फ्यूल की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता हो सकती है।

EV की कम लागत ने बढ़ाया ग्राहकों का भरोसा

एथर CEO के मुताबिक इलेक्ट्रिक व्हीकल का TCO यानी टोटल कॉस्ट ऑफ ओनरशिप फायदा ग्राहकों को ज्यादा समझ आने लगा है। उन्होंने कहा कि E20 फ्यूल को लेकर बनी चिंताओं के साथ EV की कम लागत ग्राहकों को थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करने के लिए भी तैयार कर रही है।

advertisement

कंपनी के लिए Q1 FY27 एक बड़ा पड़ाव रहा। इस तिमाही में एथर ने पहली बार पॉजिटिव EBITDA दर्ज किया। EBITDA मार्जिन 0.8% रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 1,650 बेसिस पॉइंट बेहतर है।

एथर का घाटा घटा, आय में बड़ी बढ़त

Q1 FY27 में एथर एनर्जी का कंसोलिडेटेड EBITDA ₹9 करोड़ पॉजिटिव रहा, जबकि Q1 FY26 में कंपनी को ₹106 करोड़ का EBITDA लॉस हुआ था। वहीं, कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट लॉस घटकर ₹51 करोड़ रह गया, जो एक साल पहले ₹178 करोड़ था।

जून 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड टोटल इनकम 87.2% बढ़कर ₹1,260 करोड़ हो गई। यह बढ़ोतरी मजबूत बिक्री, कीमतों में बदलाव और नॉन-व्हीकल रेवेन्यू बढ़ने की वजह से हुई।