scorecardresearch

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर फिर हलचल, क्या इस बार बहुमत जुटा पाएगी मोदी सरकार?

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। संसद की प्रस्तावित विशेष बैठक से पहले NDA के सामने जरूरी बहुमत जुटाने की चुनौती है। ऐसे में क्षेत्रीय दलों का रुख कितना अहम होगा और क्या सरकार इस बार बिल पास करा पाएगी?

Advertisement

In Short

  • महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर फिर तेज हुई सियासी हलचल।
  • सभी सांसदों की वोटिंग की स्थिति में NDA को 40 अतिरिक्त वोटों की जरूरत।
  • DMK, NCP (शरद पवार) और YSR कांग्रेस का रुख होगा अहम।

संसद की प्रस्तावित विशेष बैठक से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि केंद्र सरकार एक बार फिर इस बिल को संसद में पेश कर सकती है। हालांकि, सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती जरूरी बहुमत जुटाने की है। ऐसे में क्षेत्रीय दलों की भूमिका और लोकसभा में वोटों का गणित समझना जरूरी है।

advertisement

NDA को कितने वोटों की जरूरत?

लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं, जिनमें से तीन खाली हैं। ऐसे में फिलहाल सदन में 540 सांसद हैं। अगर सभी सांसद वोटिंग करते हैं तो संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए सरकार को 360 वोटों की जरूरत होगी। दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, NDA के पास 320 सांसदों का समर्थन है। यानी सरकार को 40 अतिरिक्त वोट चाहिए। हालांकि, वोटिंग में शामिल सांसदों की संख्या घटने पर जरूरी वोटों का आंकड़ा भी बदल सकता है।

NDA के पास किस पार्टी के कितने सांसद?

BJP के पास 241, NCPI के 20, TDP के 16, शिवसेना के 13, JDU के 12 और LJP (रामविलास) के 5 सांसद हैं। वहीं, RLD, JSP और JDS के दो-दो सांसद हैं। NCP, शिरोमणि अकाली दल, AGP, AJSU, अपना दल (एस), HAM और SKM के एक-एक सांसद हैं।

पहली स्थिति: तीनों क्षेत्रीय दल दें समर्थन

अगर DMK के 22, NCP (शरद पवार) के 8 और YSR कांग्रेस के 4 सांसद बिल का समर्थन करते हैं तो NDA के पक्ष में 354 वोट हो जाएंगे। इसके बावजूद सरकार को 6 अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

दूसरी स्थिति: DMK वोटिंग से रहे दूर

अगर DMK के 22 सांसद वोटिंग में शामिल नहीं होते हैं और NCP (शरद पवार) तथा YSR कांग्रेस समर्थन करती हैं तो सरकार के पक्ष में 332 वोट होंगे। कुल वोटिंग करने वाले सांसदों की संख्या 518 रहने पर 346 वोटों की जरूरत होगी। ऐसे में सरकार 14 वोट पीछे रहेगी।

तीसरी स्थिति: DMK और NCP (SP) रहें दूर

अगर दोनों पार्टियों के 30 सांसद वोटिंग से दूर रहते हैं और YSR कांग्रेस समर्थन करती है तो सरकार के पक्ष में 324 वोट होंगे। कुल 510 सांसदों की वोटिंग में 340 वोटों की जरूरत होगी। ऐसे में सरकार को 16 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे।

क्या है बिल का मकसद?

प्रस्तावित संशोधन का मकसद परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने और लोकसभा तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने से जुड़ा है। साल 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को नई जनगणना के आंकड़ों और परिसीमन से जोड़ा गया था।

advertisement

India's Parliament Building

अप्रैल में नहीं मिल पाया था बहुमत

17 अप्रैल को 131वां संविधान संशोधन बिल लोकसभा में पास नहीं हो पाया था। वोटिंग करने वाले 528 सांसदों में से 298 ने समर्थन और 230 ने विरोध किया था। सरकार जरूरी 352 वोटों से 54 वोट पीछे रह गई थी।

30 नवंबर से संसद की बैठक का प्रस्ताव

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से बुलाने का प्रस्ताव है। बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं। यह 13 अगस्त को स्थगित हुए मानसून सत्र का विस्तार होगा। हालांकि, बैठक का एजेंडा अभी घोषित नहीं हुआ है।