scorecardresearch

अमेरिका का ग्रीन कार्ड पाने में कितनी देरी? जानें EB-2 और EB-3 कैटेगरी की कटऑफ डेट में अंतर

अमेरिका में ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीयों के लिए दिसंबर 2026 का वीजा बुलेटिन महत्वपूर्ण है। EB-2 और EB-3 कैटेगरी की कटऑफ डेट में अंतर देखने को मिला है। आखिर किस कैटेगरी के आवेदकों को पहले ग्रीन कार्ड मिलने की संभावना है और किन नियमों का ध्यान रखना होगा?

Advertisement

In Short

  • EB-3 कैटेगरी की फाइनल एक्शन डेट EB-2 से 82 दिन आगे।
  • दोनों कैटेगरी की फाइलिंग डेट 15 जनवरी 2015 है।
  • वीजा की सालाना सीमा और अधिक मांग के चलते भारतीयों का लंबा इंतजार।

अमेरिका में नौकरी करने वाले लाखों भारतीय प्रोफेशनल्स को ग्रीन कार्ड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। दिसंबर 2026 के यूएस वीजा बुलेटिन ने एक बार फिर ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीयों का ध्यान खींचा है। ऐसे में सवाल है कि किस कैटेगरी में ग्रीन कार्ड मिलने की संभावना पहले है, दोनों कैटेगरी में क्या अंतर है और आवेदकों को किन नियमों का ध्यान रखना चाहिए।

advertisement

EB-2 से आगे निकली EB-3 कैटेगरी

अमेरिकी विदेश विभाग के दिसंबर 2026 के वीजा बुलेटिन के मुताबिक, भारतीय आवेदकों के लिए EB-2 कैटेगरी की फाइनल एक्शन डेट 1 नवंबर 2013 है, जबकि EB-3 कैटेगरी की कटऑफ डेट 22 जनवरी 2014 है। इस हिसाब से EB-3 कैटेगरी 82 दिन आगे है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर EB-3 आवेदक को ग्रीन कार्ड पहले मिल जाएगा।

दोनों कैटेगरी की फाइलिंग डेट एक जैसी

EB-2 और EB-3 दोनों कैटेगरी की फाइलिंग डेट 15 जनवरी 2015 है। फाइलिंग डेट बताती है कि आवेदक कब अपना आवेदन जमा कर सकते हैं, जबकि फाइनल एक्शन डेट तय करती है कि ग्रीन कार्ड या इमिग्रेंट वीजा को कब मंजूरी मिल सकती है।

क्या होती है प्रायोरिटी डेट?

प्रायोरिटी डेट से ग्रीन कार्ड की कतार में आवेदक की जगह तय होती है। यह आमतौर पर इमिग्रेंट पिटीशन या लेबर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया के आधार पर तय होती है। जिन आवेदकों की प्रायोरिटी डेट फाइनल एक्शन डेट से पहले की है, उन्हें अन्य शर्तें पूरी होने और वीजा उपलब्ध होने पर मंजूरी मिल सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

EB-2 और EB-3 में क्या है अंतर?

EB-2 कैटेगरी में एडवांस डिग्री या विशेष योग्यता वाले प्रोफेशनल्स आते हैं। वहीं, EB-3 में स्किल्ड वर्कर्स, प्रोफेशनल्स और कुछ अन्य योग्य कर्मचारी शामिल होते हैं। दोनों कैटेगरी के लिए वीजा का अलग-अलग कोटा और मांग है। यही वजह है कि इनकी कटऑफ डेट अलग-अलग रफ्तार से आगे बढ़ती है। कैटेगरी बदलना भी हर आवेदक के लिए फायदेमंद नहीं होता।

भारतीयों को क्यों करना पड़ता है लंबा इंतजार?

अमेरिकी इमिग्रेशन कानून के तहत हर साल दुनियाभर में कम से कम 1,40,000 एम्प्लॉयमेंट बेस्ड ग्रीन कार्ड का प्रावधान है। वहीं, फैमिली और एम्प्लॉयमेंट बेस्ड प्रेफरेंस वीजा की कुल सालाना सीमा में किसी एक देश की हिस्सेदारी सामान्य तौर पर 7% तक सीमित है। भारतीय आवेदकों और उनके परिवार के योग्य सदस्यों की अधिक संख्या के कारण इंतजार लंबा हो जाता है।

आवेदकों को किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?

इमिग्रेंट पिटीशन मंजूर होने का मतलब तुरंत ग्रीन कार्ड मिलना नहीं है। सालाना वीजा सीमा के कारण फाइनल एक्शन डेट पीछे भी जा सकती है। ऐसे में भारतीय आवेदकों को हर महीने जारी होने वाले वीजा बुलेटिन और यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) की वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि आवेदन के लिए कौन-सा डेट चार्ट लागू है।

advertisement