
GDP ग्रोथ में तेजी की उम्मीद, दूध समेत इन चीजों की बढ़ सकती हैं कीमतें, जानिए वजह
भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत रफ्तार के बीच वित्त मंत्रालय की नई रिपोर्ट सामने आई है। इसमें आर्थिक विकास को लेकर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं, लेकिन महंगाई और वैश्विक हालात को लेकर चिंता भी जताई गई है। जानिए आने वाले महीनों में आम लोगों की जेब पर क्या असर पड़ सकता है।

In Short
- दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 7.5% या उससे ज्यादा रहने की उम्मीद।
- अक्टूबर में खाद्य महंगाई बढ़कर 8.94% पर पहुंची।
- दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतों पर बना रह सकता है दबाव।
दुनियाभर में जारी आर्थिक और राजनीतिक उठापटक के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी मजबूत रफ्तार बनाए हुए है। हालांकि, आने वाले महीनों में आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ सकता है। वित्त मंत्रालय ने नवंबर की मंथली इकोनॉमिक रिव्यू (MER) रिपोर्ट में देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई और आने वाली चुनौतियों को लेकर कई अहम बातें कही हैं।
7.5% से ज्यादा रह सकती है GDP ग्रोथ
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के GDP आंकड़े 30 नवंबर को जारी होंगे। इस दौरान आर्थिक विकास दर 7.5% या उससे ज्यादा रहने की उम्मीद है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, तीसरी तिमाही में भी आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। माल की आवाजाही, टैक्स कलेक्शन, बिजली और ऊर्जा की खपत के साथ माल ढुलाई के आंकड़े लगातार ग्रोथ के संकेत दे रहे हैं।
घरेलू मांग से अर्थव्यवस्था को मिल रहा सपोर्ट
देश में खपत बढ़ने, प्राइवेट निवेश का दायरा धीरे-धीरे बढ़ने और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिल रहे सरकारी सपोर्ट से अर्थव्यवस्था की रफ्तार बनी रहने की उम्मीद है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत का एक्सटर्नल सेक्टर भी मजबूत बना हुआ है।
औद्योगिक गतिविधियों में जारी है विस्तार
सितंबर में औद्योगिक उत्पादन की ग्रोथ धीमी पड़ी है। अक्टूबर में मैन्युफैक्चरिंग PMI में भी गिरावट आई, हालांकि यह विस्तार के स्तर पर बना हुआ है। इंडस्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को बैंकों से मिलने वाले कर्ज के साथ स्टील की खपत भी बढ़ी है। सरकार घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत बनाने पर जोर दे रही है।

महंगाई से जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम
अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई, जबकि खाने-पीने की चीजों की महंगाई 8.94% रही। इसके पीछे खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतें, बेस इफेक्ट और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर रहा। नवंबर में भी बेस इफेक्ट का दबाव बना रह सकता है। हालांकि, महंगाई की गणना में शामिल 52% वस्तुओं की महंगाई अब भी 4% के लक्ष्य से नीचे है।
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स हो सकते हैं महंगे
शादियों के सीजन और नवंबर की शुरुआत तक चले त्योहारी सीजन के चलते दूध और उससे बने प्रोडक्ट्स की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों के कारण प्रमुख डेयरी कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाने से यह दबाव और बढ़ सकता है।
पश्चिम एशिया में युद्ध से बढ़ी चिंता
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री आवाजाही पर खतरे और वैश्विक व्यापार नीतियों की अनिश्चितता बड़ी चुनौतियां हैं। इससे तेल आयात और समुद्री माल ढुलाई का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर थोक और खुदरा महंगाई के साथ वित्त वर्ष की दूसरी छमाही की ग्रोथ पर भी पड़ सकता है।
कच्चे तेल और रुपये से राहत की उम्मीद
नवंबर की शुरुआत में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आई हैं। पूंजी निवेश बढ़ने से रुपया भी मजबूत हुआ है। अगर यह सिलसिला जारी रहता है तो आयातित महंगाई से कुछ राहत मिल सकती है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, मजबूत आर्थिक बुनियाद और पर्याप्त वित्तीय संसाधनों के चलते भारत इन चुनौतियों से निपटने की बेहतर स्थिति में है।


