Ramayana Advance Booking: रिलीज से पहले ही ₹11 करोड़ की कमाई! जानें पूरा हाल
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े लगातार चौंका रहे हैं। खास बात यह है कि दर्शक ₹1,095 तक का टिकट खरीदने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। जानिए किन शहरों में सबसे ज्यादा क्रेज है और बुकिंग का पूरा हाल।

In Short
- 'रामायण: पार्ट वन' ने रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में ₹11.11 करोड़ की ग्रॉस कमाई दर्ज की है, जिसमें ब्लॉक सीटें भी शामिल हैं।
- IMAX टिकट की औसत कीमत ₹1,095 है, फिर भी एडवांस बुकिंग की कुल कमाई में इसकी हिस्सेदारी करीब 25% है।
- हिंदी वर्जन की एडवांस बुकिंग में करीब 87% हिस्सेदारी है, जबकि महाराष्ट्र ₹2.44 करोड़ के साथ सबसे आगे है।
रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' (Ramayana: Part One) को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग (Advance Booking) के आंकड़े चर्चा में हैं। खास बात यह है कि महंगे टिकट होने के बावजूद लोग बड़ी संख्या में बुकिंग कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक कितनी कमाई की है, सबसे ज्यादा टिकट कहां बिक रहे हैं और IMAX शोज का क्या हाल है।
रिलीज से पहले ₹11.11 करोड़ की एडवांस बुकिंग
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट वन' 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी क्रेज है।
Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में ₹11.11 करोड़ की ग्रॉस कमाई दर्ज की है। हालांकि, इस आंकड़े में ब्लॉक की गई सीटें भी शामिल हैं। पिछले पांच दिनों में फिल्म के 2 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। कई शोज तेजी से भर रहे हैं। ऐसे में रिलीज तक एडवांस बुकिंग का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
₹1,095 का IMAX टिकट भी खरीद रहे दर्शक
फिल्म के IMAX शोज की डिमांड सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है। IMAX में एक टिकट की औसत कीमत ₹1,095 है, जबकि सामान्य शोज में यह करीब ₹380 है। यानी IMAX का टिकट लगभग तीन गुना महंगा है।
इसके बावजूद एडवांस बुकिंग से हुई कुल कमाई में IMAX की हिस्सेदारी करीब 25% है, जबकि कुल शोज में इसकी हिस्सेदारी सिर्फ 3.8% है।
Sacnilk के मुताबिक, हर IMAX शो में औसतन 170 टिकट बिक रहे हैं, जबकि सामान्य स्क्रीनिंग में यह आंकड़ा सिर्फ 35 टिकट का है। यानी IMAX में लगभग पांच गुना ज्यादा टिकट बिक रहे हैं।
हिंदी वर्जन का दबदबा, महाराष्ट्र सबसे आगे
फिल्म के हिंदी वर्जन को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। एडवांस बुकिंग की कुल कमाई में हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी करीब 87% है।
राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र ₹2.44 करोड़ की प्री-सेल्स के साथ सबसे आगे है। इसके बाद दिल्ली में ₹2.24 करोड़ और कर्नाटक में ₹1.71 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है।
फिल्म के चार शोज में अभी से 100% ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा चुकी है। इनमें दो हिंदी और दो तेलुगु शोज शामिल हैं।
रणबीर कपूर बनेंगे भगवान राम, 2027 में आएगा दूसरा पार्ट
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का म्यूजिक ऑस्कर विजेता हंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है।
'रामायण' को दो पार्ट में बनाया जा रहा है। पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में लाने की योजना है। अब देखना होगा कि एडवांस बुकिंग में शानदार शुरुआत करने वाली यह फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा रिकॉर्ड बनाती है।

