राम मंदिर के पहले CEO को मिलेंगी VIP सुविधाएं, जानें कौन कर सकता है आवेदन
राम मंदिर के पहले CEO को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस पद पर बैठने वाले अधिकारी को सैलरी के साथ बंगला, सरकारी गाड़ी, सुरक्षा और कई दूसरी सुविधाएं मिलेंगी। जानिए CEO की जिम्मेदारियां क्या होंगी, इस पद के लिए कौन चुना जा सकता है और खर्च कहां से आएगा।

In Short
- राम मंदिर के पहले CEO को सैलरी के साथ बंगला, गाड़ी, ड्राइवर और सुरक्षा की सुविधा मिलेगी।
- CEO मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की व्यवस्था, फंड और विकास कार्यों की निगरानी करेंगे।
- इस पद पर अनुभवी रिटायर्ड IAS या IPS अधिकारी को चुने जाने की तैयारी है।
Ram Temple CEO Appointment: अयोध्या के राम मंदिर के प्रबंधन को ज्यादा व्यवस्थित और पेशेवर बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO नियुक्त करने की तैयारी कर रहा है। यह पद मानद या बिना वेतन वाला नहीं होगा, बल्कि पूरी तरह फुल-टाइम जिम्मेदारी वाला पद होगा।
राम मंदिर के पहले CEO को नियमित सैलरी के साथ अयोध्या में आवास, आधिकारिक गाड़ियां, ड्राइवर और सुरक्षा जैसी सुविधाएं दिए जाने की बात कही गई है। इस पद पर नियुक्त अधिकारी मंदिर परिसर के रोजमर्रा के कामकाज से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
CEO पर होंगी ये बड़ी जिम्मेदारियां
राम मंदिर के CEO की भूमिका केवल प्रशासनिक कामों तक सीमित नहीं होगी। मंदिर परिसर के पूरे मैनेजमेंट की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
CEO को प्रतिदिन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दर्शन की व्यवस्था पर नजर रखनी होगी। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट के फंड, चढ़ावे और दूसरे वित्तीय लेन-देन के ऑडिट से जुड़े काम भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल होंगे।
मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी भी CEO करेंगे, ताकि सभी योजनाओं और सुविधाओं का काम सही तरीके से आगे बढ़ सके।
सैलरी और सुविधाओं में क्या मिलेगा
इस फुल-टाइम और जिम्मेदारी वाले पद के लिए ट्रस्ट की ओर से बेहतर सुविधाओं वाला पैकेज तैयार किए जाने की बात कही गई है। इसका पूरा खर्च ट्रस्ट के फंड से उठाया जाएगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: राम मंदिर चढ़ावा केस में 50 खाते रडार पर, आयकर विभाग की मदद से मनी ट्रेल खंगालेगी पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, CEO को एक तय मासिक वेतन मिलेगा। यह वेतन किसी बड़े सरकारी विभाग के शीर्ष अधिकारी या किसी बड़ी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के स्तर का हो सकता है।
CEO को अयोध्या के अच्छे इलाके में सरकारी या ट्रस्ट के स्वामित्व वाला सुविधाओं से लैस बंगला दिया जाएगा। इस आवास में कैंप ऑफिस और सुरक्षाकर्मियों के रहने की व्यवस्था भी हो सकती है।
गाड़ी ड्राइवर और सुरक्षा की सुविधा
कामकाज और अयोध्या में होने वाले VIP मूवमेंट को देखते हुए CEO को आधिकारिक SUV और ड्राइवर की सुविधा मिलेगी। उनकी सुरक्षा के लिए विशेष गार्ड भी तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा मेडिकल इंश्योरेंस, ट्रैवल अलाउंस, फोन और इंटरनेट जैसी जरूरी सुविधाएं भी पैकेज का हिस्सा होंगी।
कौन बन सकता है राम मंदिर का CEO
इस पद के लिए अनुभवी व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उम्मीदवार सेवानिवृत्त IAS या IPS अधिकारी होना चाहिए और उसके पास लंबे प्रशासनिक अनुभव की शर्त रखी गई है।
उम्मीदवार केंद्र या राज्य सरकार में प्रमुख सचिव या उससे ऊंचे पद पर काम कर चुका हो। साथ ही उसका रिकॉर्ड साफ होना जरूरी बताया गया है।
खर्च कहां से आएगा
CEO की सैलरी और दूसरी सुविधाओं का खर्च केंद्र या उत्तर प्रदेश सरकार नहीं उठाएगी। यह पूरा भुगतान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के फंड से किया जाएगा।

