scorecardresearch

NEET परीक्षा से पहले रेलवे का बड़ा ऐलान, मध्य प्रदेश में इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए छात्रों को बड़ी राहत मिली है। रेलवे ने मध्य प्रदेश में इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। जानें स्पेशल ट्रेनों का रूट और टाइमिंग। पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement
मध्य प्रदेश में NEET अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा भारतीय रेलवे

In Short

  • NEET परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
  • भोपाल मंडल में 13,000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसे देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।
  • रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से स्टेशन पर समय से पहले पहुंचने और सुरक्षित यात्रा के लिए रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए एक अच्छी खबर है। छात्रों को परीक्षा देने जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने मध्य प्रदेश में स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच चलेंगी ताकि छात्र आसानी से अपने सेंटर तक पहुंच सकें।

स्पेशल ट्रेनों का रूट और टाइमिंग

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 13 स्लीपर, 2 जनरल और 2 दिव्यांगों के लिए कोच शामिल होंगे।

advertisement

इनके रूट और समय की बात करें तो ट्रेन नंबर 09354, 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर से रवाना होगी और शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सिहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रुकेगी।

वहीं, ट्रेन नंबर 09353 भोपाल से शाम 7:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी और यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सिहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर ठहरेगी।

परीक्षा केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन की तैयारी

भोपाल मंडल में बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देने वाले हैं। भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार, भोपाल में 13,774, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर पुख्ता व्यवस्था की है। स्टेशनों पर अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ, आरपीएफ और परिचालन स्टाफ तैनात किए जाएंगे।

NEET छात्रों के लिए विशेष दिशा-निर्देश

भीड़ को संभालने के लिए प्लेटफॉर्म, आने-जाने वाले रास्तों और गेट पर बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ कटारिया ने बताया कि स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो छात्रों को हर तरह की जरूरी जानकारी देकर उनकी मदद करेंगे।

रेलवे ने सभी NEET छात्रों और उनके माता-पिता से स्टेशन पर समय से थोड़ा पहले पहुंचने की अपील की है। साथ ही, सुरक्षित सफर के लिए रेलवे स्टाफ के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इन सभी इंतजामों का मकसद यह है कि छात्रों को परीक्षा सेंटर तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।