scorecardresearch

'चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता' IIT खड़गपुर के छात्रों से बोले PM Modi, विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर 75 छात्रों से बातचीत की और विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस दौरान उन्होंने चुनौतियों का सामना करने और अपनी सोच को सीमित न रखने की सलाह दी। साथ ही गरीबी और शौचालय निर्माण को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर PM मोदी ने 75 छात्रों से बातचीत की और विशेष स्मारक सिक्का जारी किया।
  • पीएम मोदी बोले- चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता, अपनी सोच और क्षमताओं को सीमित न करें।
  • गरीबी और शौचालय निर्माण को लेकर पिछली सरकारों पर साधा निशाना, कहा- पिछले 12 साल में बदली सोच।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने के मौके पर संस्थान के 75 छात्रों के साथ बातचीत की। यह कार्यक्रम '75 वॉयसेस फॉर विकसित भारत' पहल के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार रखने और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर चर्चा करने का मौका मिला। पीएम मोदी ने छात्रों से चुनौतियों का सामना करने और अपनी सोच को सीमित नहीं रखने की बात कही। इस मौके पर उन्होंने IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने की याद में एक विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया।

advertisement

'चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकते। उन्होंने छात्रों से कहा कि किसी भी चुनौती का सामना किस तरह किया जाता है और हम कितनी जल्दी संतुष्ट होकर बैठ जाते हैं, यह हमारी सोच पर निर्भर करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि कई बार लोग अपनी सोच और क्षमताओं को खुद ही सीमित कर लेते हैं। इसे 'लिमिटिंग बिलीफ्स' कहा जाता है। उनके मुताबिक, ऐसी सोच लोगों को बड़ी चुनौतियों का सामना करने से रोकती है।

गरीबी को लेकर पहले की सोच पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री ने देश में गरीबी की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले तक गरीबी को ऐसी चुनौती माना जाता था, जिसे दूर करना बेहद मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि पहले गरीबी हटाने के नारे तो लगाए जाते थे, लेकिन जब नीतियां बनाने और उन्हें जमीन पर लागू करने की बात आती थी, तो पूरा सिस्टम सुस्त पड़ जाता था।

पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय यह सोच बन गई थी कि इतनी बड़ी आबादी वाले देश से गरीबी दूर नहीं की जा सकती। लोगों को लगता था कि देश इसी तरह चलता रहेगा।

शौचालय बनाने की बात पर उड़ाया गया मजाक

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार के शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तो उन्होंने लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय बनाने की जरूरत पर बात की थी।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय संसद में कुछ लोगों ने उनकी इस बात का मजाक उड़ाया था। पीएम के मुताबिक, वे लोग गरीबों और खासकर महिलाओं के लिए शौचालय की जरूरत को समझ नहीं पाए थे।

'पिछले 12 साल में बदली सोच'

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी तरह की सीमित सोच के कारण देश लंबे समय तक कई जरूरी सुविधाओं से वंचित रहा।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में इस सोच को बदलने का काम किया है। सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देने की दिशा में कदम उठाए हैं।

advertisement

पीएम मोदी ने छात्रों के साथ बातचीत में इस बात पर जोर दिया कि बड़ी चुनौतियों का समाधान निकालने के लिए सबसे पहले अपनी सोच की सीमाओं से बाहर निकलना जरूरी है।