
न फोन, न स्क्रीन! Nothing ला रही अनोखा AI गैजेट, 8 दिसंबर को खुलेगा इसके फीचर्स का राज
टेक कंपनी Nothing 8 दिसंबर को अपना पहला बिना स्क्रीन वाला AI डिवाइस लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इसका टीजर जारी किया है, जिससे मीटिंग रिकॉर्डिंग और AI नोट्स जैसे फीचर्स मिलने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, असली फीचर्स और कीमत अभी सामने नहीं आए हैं। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- Nothing 8 दिसंबर को लॉन्च करेगी अपना पहला बिना स्क्रीन वाला AI डिवाइस, कंपनी ने जारी किया टीजर।
- नए AI गैजेट में बातचीत रिकॉर्ड करने और मीटिंग के नोट्स बनाने जैसे फीचर्स मिलने की संभावना।
- Nothing ने अभी डिवाइस की कीमत, बैटरी और फीचर्स का खुलासा नहीं किया, लॉन्च पर खुलेगा राज।
AI का इस्तेमाल करने के लिए अब तक स्मार्टफोन या लैपटॉप की जरूरत पड़ती है। लेकिन टेक कंपनी Nothing अब एक ऐसा AI डिवाइस लाने की तैयारी कर रही है, जिसमें स्क्रीन ही नहीं होगी। कंपनी ने अपने पहले AI डिवाइस की लॉन्च डेट 8 दिसंबर घोषित कर दी है। हालांकि, अभी तक इस गैजेट का नाम और इसके फीचर्स सामने नहीं आए हैं। कंपनी के टीजर से संकेत मिल रहे हैं कि यह डिवाइस बातचीत रिकॉर्ड करने और नोट्स बनाने जैसे काम कर सकता है।
8 दिसंबर को खुलेगा नए AI डिवाइस का राज
Nothing ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर नए डिवाइस का एक छोटा टीजर शेयर किया है। इसके साथ कंपनी ने लिखा, "Be present. It's noted." यानी आप अपने काम या बातचीत पर ध्यान दीजिए, जरूरी बातें दर्ज हो जाएंगी।
टीजर में चमकदार मेटल बॉडी के साथ एक गोल आकार का हिस्सा दिखाई देता है। इसके आसपास कई रिंग जैसी लेयर्स नजर आती हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी पूरा डिजाइन नहीं दिखाया है।
इससे पहले सामने आए टीजर में मेटल बॉडी, लाल रंग का बड़ा बटन और हरे तथा लाल रंग की दो लाइट दिखाई गई थीं।
क्या मीटिंग रिकॉर्ड करके नोट्स बनाएगा?
Nothing के नए डिवाइस को लेकर चर्चा है कि यह AI नोट टेकर की तरह काम कर सकता है। यानी बातचीत रिकॉर्ड करना, उसे लिखित नोट्स में बदलना और जरूरी बातों का सार तैयार करना इसके संभावित फीचर्स हो सकते हैं।
हाल ही में सामने आए Plaud AI जैसे डिवाइस बातचीत के आधार पर नोट्स, माइंड मैप और प्रेजेंटेशन बनाने की सुविधा देते हैं।
माना जा रहा है कि Nothing का नया गैजेट भी इसी तरह काम कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी रिकॉर्डिंग या नोट्स बनाने वाले किसी फीचर की पुष्टि नहीं की है।

Carl Pei क्यों बना रहे हैं ऐसा गैजेट?
Nothing के CEO कार्ल पेई का मानना है कि AI को ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए उसे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का संदर्भ समझना जरूरी है।
उनके मुताबिक, AI मॉडल कई काम कर सकते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता होता कि किसी व्यक्ति के आसपास क्या चल रहा है।
उदाहरण के लिए, मीटिंग में हुई बातचीत या अचानक आया कोई आइडिया। इन्हें फोन में लिखने से बातचीत का प्रवाह टूट सकता है।
कार्ल पेई पहले ही साफ कर चुके हैं कि कंपनी का नया AI प्रोडक्ट एक अलग टूल होगा, न कि मोबाइल ऐप का कोई फीचर।
कीमत और फीचर्स पर अभी सस्पेंस
Nothing ने फिलहाल डिवाइस की कीमत, बैटरी, कनेक्टिविटी और उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
यह भी साफ नहीं है कि रिकॉर्डिंग कहां सेव होगी, AI कैसे काम करेगा और इसके लिए सब्सक्रिप्शन लेना पड़ेगा या नहीं।
अगर डिवाइस में रिकॉर्डिंग की सुविधा मिलती है, तो निजता और दूसरे लोगों की सहमति भी अहम मुद्दे होंगे। फिलहाल इसके असली फीचर्स जानने के लिए 8 दिसंबर का इंतजार करना होगा।


