'जनता से जुड़ाव बढ़ाइए...' BJP की नई टीम संग PM Modi की साढ़े चार घंटे बैठक, क्या-क्या हुई चर्चा?
बीजेपी की नई पदाधिकारियों की टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक बैठक की। इस दौरान उन्होंने 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत की और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में Gen Z और Gen Alpha समेत युवाओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

In Short
- पीएम मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक बीजेपी के 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत की।
- बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से गहरा जुड़ाव बनाने पर जोर दिया गया।
- बीजेपी Gen Z और Gen Alpha समेत 14 साल से ज्यादा उम्र के युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए अभियान की तैयारी में है।
बीजेपी की नई पदाधिकारियों की टीम की शनिवार को अहम बैठक हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी ने करीब सवा चार घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ बातचीत की। आज बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का दूसरा दिन है। इसमें सभी प्रदेश अध्यक्ष संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल हो रहे हैं।
65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत
सूत्रों के मुताबिक शनिवार की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने हॉल में मौजूद सभी 65 पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने एक एक पदाधिकारी का परिचय लिया और उनके अनुभव के बारे में जानने की कोशिश की। इस दौरान पीएम मोदी ने पदाधिकारियों की बातों को भी ध्यान से सुना।
बैठक में प्रधानमंत्री ने संगठन मंत्री के तौर पर अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने किस तरह काम किया था और संगठन की जिम्मेदारी निभाते समय उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था।
संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने नई टीम को संगठन को मजबूत करने और नई सोच को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से जनता के साथ गहरे संबंध बनाने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने को कहा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत के स्पेस मिशन को मिलेगी नई रफ्तार? PM मोदी ने स्टार्टअप्स के CEO-फाउंडर्स से की चर्चा
सवा चार घंटे चली बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही युवाओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर भी खास जोर दिया गया।
युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नई टीम से युवाओं के साथ लगातार संपर्क बढ़ाने को कहा। इसके लिए युवा संवाद कार्यक्रम को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। पार्टी आने वाले दिनों में युवाओं तक पहुंचने के लिए बड़े अभियान शुरू करने की तैयारी में है।
बीजेपी का फोकस 14 साल और उससे ज्यादा उम्र के युवाओं पर रहेगा। इसमें Gen Z और Gen Alpha के युवा भी शामिल होंगे। इसके लिए देशभर के वरिष्ठ नेताओं की अलग अलग टीमें बनाने की तैयारी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा इन टीमों के गठन और उन्हें सक्रिय करने में मदद करेगा।
नितिन नवीन और बीएल संतोष के साथ अलग बैठक
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पदाधिकारियों के साथ मिलेट्स से बना खाना भी खाया। इसके अलावा उन्होंने नितिन नवीन और बीएल संतोष के साथ अलग अलग बैठकें कीं। सूत्रों के मुताबिक नितिन नवीन के साथ संसदीय बोर्ड के सदस्यों के नामों पर भी चर्चा हुई। इन नामों का ऐलान जल्द किए जाने की संभावना है।

