अगस्त के आखिरी हफ्ते में घूमने का है प्लान, पहले देख लें मौसम, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
इस हफ्ते घूमने का प्लान है तो मौसम का हाल जरूर देख लें। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी और नॉर्थ-ईस्ट के इलाकों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा भी है। ऐसे में सफर से पहले पूरा अपडेट जानना जरूरी है।

In Short
- IMD ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
- उत्तराखंड और नॉर्थ-ईस्ट के कुछ इलाकों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।
- मध्य प्रदेश पूर्वी उत्तर प्रदेश नागालैंड और मणिपुर के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की आशंका है।
अगर आप इस हफ्ते कहीं घूमने जाने की तैयारी कर रहे हैं तो सफर शुरू करने से पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। अगस्त के आखिरी हफ्ते में देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है।
मध्य भारत में भारी बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक 25 अगस्त को छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अनुमान है।
26 अगस्त को मध्य प्रदेश में फिर कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी इलाकों में ज्यादा सावधानी
उत्तराखंड में 25 से 31 अगस्त के बीच कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है। 29 से 31 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारी बारिश के बाद गुरुग्राम में बदले हालात, वर्क फ्रॉम होम को लेकर एडवाइजरी जारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी इस हफ्ते बारिश हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में जाने वाले यात्रियों को मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की जरूरत है।
नॉर्थ-ईस्ट में भी बारिश का दौर
अरुणाचल प्रदेश में 25-26 अगस्त और फिर 29-31 अगस्त के बीच बारिश का अनुमान है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 से 30 अगस्त के बीच बारिश हो सकती है।
दक्षिण और पश्चिम भारत का हाल
कोंकण और गोवा में 30 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 31 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
केरल और लक्षद्वीप में 25 से 28 अगस्त के बीच बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा
IMD ने मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर के कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड का खतरा जताया है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भर सकता है।
बहुत ज्यादा बारिश की वजह से कुछ जगहों पर जलभराव, बाढ़, भूस्खलन, कम विजिबिलिटी और सड़क या रेल यातायात में परेशानी हो सकती है। ऐसे में ट्रैवल से पहले मौसम का ताजा अपडेट लेना और खराब मौसम में जोखिम वाले रास्तों या एडवेंचर एक्टिविटीज से बचना बेहतर रहेगा।

