Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai, The Devil Wears Prada 2, Gatta Kusthi 2 सहित ये फिल्में और वेब सीरीज हुई रिलीज
कॉमेडी, फैमिली ड्रामा, स्पोर्ट्स, हॉरर-थ्रिलर और हॉलीवुड फिल्मों से लेकर पंजाबी और साउथ सिनेमा तक, दर्शकों के लिए हर तरह का कंटेंट स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध है।

OTT Releases this Week: इस हफ्ते OTT प्लेटफॉर्म्स पर मनोरंजन का जबरदस्त डोज मिलने वाला है। कॉमेडी, फैमिली ड्रामा, स्पोर्ट्स, हॉरर-थ्रिलर और हॉलीवुड फिल्मों से लेकर पंजाबी और साउथ सिनेमा तक, दर्शकों के लिए हर तरह का कंटेंट स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध है। अगर आप वीकेंड पर घर बैठे कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां जानिए इस हफ्ते की पूरी OTT रिलीज लिस्ट।
Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai (Zee5)
वरुण धवन की कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' अब थिएटर में रिलीज होने के ठीक 8 हफ्ते बाद ZEE5 पर स्ट्रीम हो रही है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में हैं। कहानी जस (वरुण धवन) की है, जो जल्द पिता बनना चाहता है, जबकि उसकी पत्नी बानी (मृणाल ठाकुर) इस बात से परेशान होकर उससे अलग रहने का फैसला कर लेती है। इसी दौरान जस की मुलाकात प्रीत (पूजा हेगड़े) से होती है और हालात ऐसे बनते हैं कि वह गर्भवती हो जाती है। तभी बानी भी एक खुशखबरी लेकर वापस आ जाती है। इसके बाद जस दो महिलाओं के बीच फंस जाता है और हालात को संभालने की कोशिश करता है।
The Devil Wears Prada 2 (JioHotstar)
'द डेविल वियर्स प्राडा 2' की कहानी पहली फिल्म के करीब 20 साल बाद की है। इस बार मिरांडा प्रीस्टली (मेरिल स्ट्रीप) प्रिंट मीडिया के गिरते दौर में अपनी फैशन मैगजीन Runway को बचाने की कोशिश करती हैं। उनकी पूर्व असिस्टेंट एमिली चार्लटन (एमिली ब्लंट) अब उनकी प्रतिद्वंद्वी बन चुकी हैं और विज्ञापन कारोबार को लेकर दोनों के बीच मुकाबला होता है। इसी बीच एंडी सैक्स (ऐनी हैथवे) भी वापसी करती हैं और बदलते मीडिया दौर में मिरांडा की मदद करती हैं। फिल्म का निर्देशन डेविड फ्रैंकल ने किया है, जबकि इसमें स्टेनली टुची, जस्टिन थेरॉक्स, लूसी लियू और केनेथ ब्रैना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Gatta Kusthi 2 (Netflix)
'गट्टा कुस्थी 2' एक स्पोर्ट्स कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसमें विष्णु विशाल और ऐश्वर्या लक्ष्मी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने सिनेमाघरों में अपनी मजेदार कहानी, पारिवारिक मनोरंजन, भावनात्मक पलों और मजबूत सामाजिक संदेश की वजह से दर्शकों का दिल जीता। अब जो लोग इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाए, वे इसे नेटफ्लिक्स पर घर बैठे देख सकते हैं।
Chal Mera Putt 4 (Chaupal)
पंजाबी कॉमेडी-ड्रामा 'चल मेरा पुत्त 4' में अमरिंदर गिल और सिमी चहल मुख्य भूमिका में हैं। जनजोत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म यूके में रहने वाले कुछ प्रवासी दोस्तों की कहानी है, जिन्हें अचानक एक ऐसा बैग मिलता है जिसमें 10 लाख पाउंड भरे होते हैं। इसके बाद उनकी जिंदगी में कई मजेदार और अप्रत्याशित घटनाएं होती हैं। यह फिल्म अब Chaupal पर स्ट्रीम हो रही है।
Rao Bahadur (Netflix)
'राव बहादुर' एक भावनात्मक पारिवारिक ड्रामा है। इसकी कहानी एक गंभीर रूप से बीमार रईस व्यक्ति की है, जो अपनी पुश्तैनी हवेली 'भुवनालयम' में अपने आखिरी दिन बिताते हुए यह साबित करना चाहता है कि उसका छोटा बेटा कुसुमा उसका जैविक बेटा नहीं था। दूसरी ओर, पत्नी रेनुका बेटे की मौत के बाद अकेलेपन में जी रही है, जबकि बड़ा बेटा लवाना पूरे परिवार को एकजुट रखने की कोशिश करता है। यह फिल्म तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
The Devil’s Mouth (Amazon Prime Video)
'द डेविल्स माउथ' एक सर्वाइवल हॉरर-थ्रिलर फिल्म है। कहानी कुछ दोस्तों की है, जो थाईलैंड में छुट्टियां मनाने के दौरान 'डेविल्स माउथ' नाम की एक गुफा घूमने जाते हैं। लेकिन तेज बारिश के बाद गुफा में पानी भर जाता है और वे अंदर फंस जाते हैं। सबसे बड़ा खतरा तब सामने आता है जब गुफा में एक खतरनाक बुल शार्क भी पहुंच जाती है। बाहर निकलने की कोशिश के बीच दोस्तों के रिश्तों में छिपे तनाव भी सामने आने लगते हैं। फिल्म में कैथरीन न्यूटन, लाना कोंडोर, निको हिरागा, गैविन कैसालेग्नो और टॉमी रोज मुख्य भूमिकाओं में हैं।

