scorecardresearch

'बुलेट ट्रेन' सी रफ्तार! महाराष्ट्र में 100 मीटर लंबा स्टील ब्रिज तैयार, जानिए कितना काम बाकी

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में भी निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। ठाणे में एक विशाल स्टील ब्रिज स्थापित किया गया है। आखिर इस ब्रिज की क्या खासियत है और अब तक कितना काम पूरा हुआ? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • महाराष्ट्र के ठाणे में बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला स्टील ब्रिज स्थापित, 100 मीटर लंबाई और 1,405 मीट्रिक टन वजन।
  • मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर कुल 28 में से 16 स्टील ब्रिज तैयार, गुजरात में 15 ब्रिज का काम पूरा।
  • जुलाई 2026 के अंत तक बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का 62.16% निर्माण कार्य पूरा, 366 किलोमीटर वायाडक्ट पर लगे गर्डर।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में भी इस प्रोजेक्ट की रफ्तार दिखाई देने लगी है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला स्टील ब्रिज स्थापित कर दिया गया है। भिवंडी इलाके में नेशनल हाईवे-3 के ऊपर बनाए गए इस ब्रिज की लंबाई 100 मीटर और वजन करीब 1,405 मीट्रिक टन है।

advertisement

ठाणे में कहां बनाया गया स्टील ब्रिज?

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के मुताबिक, यह ब्रिज भिवंडी के डाइव-अंजुर गांव में स्थापित किया गया है। इसकी ऊंचाई और चौड़ाई 14-14 मीटर है।

खास बात यह है कि इस ब्रिज को महाराष्ट्र में नहीं, बल्कि तमिलनाडु के त्रिची की एक स्पेशल वर्कशॉप में तैयार किया गया। इसके बाद करीब 1,300 किलोमीटर दूर ठाणे तक ट्रेलर से पहुंचाया गया। यहां इसके अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर निर्धारित जगह पर स्थापित किया गया।

रात में हाईवे पर कैसे लगाया गया ब्रिज?

ब्रिज को स्थापित करने का काम रात में ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किया गया, ताकि हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम से कम प्रभावित हो।

इसके लिए ऑटोमैटिक लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया। इसकी मदद से भारी स्टील स्ट्रक्चर को धीरे-धीरे सही जगह तक पहुंचाया गया। ब्रिज में स्पेशल पेंटिंग और इलास्टोमेरिक बेयरिंग भी लगाए गए हैं, जो वाइब्रेशन और दबाव को संभालने में मदद करते हैं।
 

28 में से 16 स्टील ब्रिज तैयार

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर कुल 28 स्टील ब्रिज बनाए जाने हैं। इनमें से अब तक 16 तैयार हो चुके हैं। गुजरात में 15 और महाराष्ट्र में पहला स्टील ब्रिज स्थापित किया गया है। बाकी 12 ब्रिज पर काम जारी रहेगा।

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का कितना काम हुआ पूरा?

जुलाई 2026 के अंत तक 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का 62.16% निर्माण कार्य पूरा हो चुका था।

परियोजना के लिए 1,389.49 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। अब तक 366 किलोमीटर वायाडक्ट पर गर्डर लगाए गए हैं, जबकि 459.90 किलोमीटर में नींव और 455.10 किलोमीटर में पियर का काम पूरा हुआ है।

सुरंग और ट्रैक का काम कहां तक पहुंचा?

इस परियोजना में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है, जिसमें करीब 7 किलोमीटर हिस्सा समुद्र के नीचे होगा। अब तक 4.88 किलोमीटर सुरंग तैयार हो चुकी है। आठ पहाड़ी सुरंगों में से चार की खुदाई पूरी हो गई है।

advertisement

वहीं, 27 अगस्त 2026 तक 97 रूट किलोमीटर में ट्रैक स्लैब बिछाए जा चुके थे। BEML को दो हाई-स्पीड ट्रेनसेट बनाने का ऑर्डर मिला है और पहले ट्रेनसेट का निर्माण शुरू हो चुका है।