रोज की कमाई सिर्फ 400 रुपये, इनकम टैक्स ने थमाया 41 करोड़ के ट्रांजेक्शन का नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला
मिर्जापुर के श्याम बाबू रोजाना सिर्फ 400 से 500 रुपये कमाते हैं, लेकिन आयकर विभाग ने उन्हें 41 करोड़ रुपये के लेन-देन और 6 करोड़ रुपये टैक्स का नोटिस भेज दिया। आखिर उनके खाते से इतना बड़ा लेन-देन कैसे हुआ और इसके पीछे की पूरी कहानी क्या है, यहां जानिए।

In Short
- मिर्जापुर के श्याम बाबू को 41 करोड़ रुपये के बैंक लेन-देन का नोटिस मिला है।
- आयकर विभाग ने उन पर करीब 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया बताया है।
- श्याम बाबू रोजाना 400 से 500 रुपये कमाते हैं और मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रोजाना करीब 400 से 500 रुपये कमाने वाले एक युवक को आयकर विभाग ने 41 करोड़ रुपये के बैंक लेन-देन का नोटिस भेज दिया। विभाग ने युवक पर 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया बताया है। नोटिस मिलने के बाद युवक और उसका पूरा परिवार परेशान है।
मामला मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव का है। यहां रहने वाले श्याम बाबू का दावा है कि उनके साथ उनके सगे साले ने नौकरी दिलाने के नाम पर धोखा किया।
नौकरी के बहाने दिल्ली बुलाया
श्याम बाबू के मुताबिक उनकी शादी साल 2020 में हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद उनके साले ने दिल्ली में नौकरी दिलाने की बात कही। इसी बहाने उन्हें दिल्ली बुलाया गया और उनके जरूरी कागजात तैयार कराए गए।
इसके बाद श्याम बाबू के नाम पर बैंक खाता खुलवाया गया। उनका आरोप है कि बैंक खाता खोलते समय साले ने उसमें श्याम बाबू के बजाय अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया। खाता खुलने के बाद श्याम बाबू अपने गांव लौट आए।
चेक बुक पर भी कराए हस्ताक्षर
श्याम बाबू ने बताया कि बाद में उनका साला उनके घर आया और चेक बुक पर भी हस्ताक्षर करा लिए। आरोप है कि इसके बाद उसी बैंक खाते से करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया। श्याम बाबू को इसकी जानकारी तब हुई जब आयकर विभाग का नोटिस उनके पास पहुंचा।
करीब तीन महीने पहले पहला नोटिस मिलने के बाद वह घबरा गए। उनके मुताबिक अब तक आयकर विभाग की ओर से तीन नोटिस भेजे जा चुके हैं।
41 करोड़ का लेन-देन और 6 करोड़ का बकाया
नोटिस में बताया गया कि श्याम बाबू के बैंक खाते से 41 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। इस लेन-देन के आधार पर उन पर करीब 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया निकाला गया है।
श्याम बाबू का कहना है कि उन्होंने इस मामले की जानकारी अपने ससुराल वालों और साले को दी। आरोप है कि उन्होंने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय चुप रहने और कुछ नहीं होने की बात कहकर टाल दिया।
खेती और गाड़ी चलाकर चलाते हैं घर
श्याम बाबू गांव में अपने परिवार के साथ खेती करते हैं। इसके अलावा वह एक मैजिक गाड़ी चलाकर रोजाना करीब 400 से 500 रुपये कमाते हैं। उनका कहना है कि इतनी कम कमाई में वह करोड़ों रुपये का टैक्स कैसे चुका सकते हैं।
अब श्याम बाबू आयकर विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और धोखा देने वाले साले के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

