
मदर डेयरी के बाद अमूल और पराग का दूध भी महंगा! मिडिल क्लास की जेब पर हर महीने कितना बढ़ेगा बोझ?
दूध की बढ़ती कीमतों ने मिडिल क्लास परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। मदर डेयरी, अमूल और पराग ने दूध महंगा कर दिया है, जबकि नंदिनी भी कीमतें बढ़ा चुकी है। ऐसे में रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का महीने का खर्च कितना बढ़ेगा? जानिए पूरा हिसाब।

In Short
- मदर डेयरी ने दूध 2 से 4 रुपये प्रति लीटर महंगा किया, जबकि अमूल ने भी कीमतों में 4 से 5 फीसदी बढ़ोतरी की।
- लखनऊ में पराग गोल्ड दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ, जबकि नंदिनी ने कीमतें 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाईं।
- रोजाना 2 लीटर फुल क्रीम दूध खरीदने वाले परिवार को अब हर महीने 240 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
दूध की बढ़ती कीमतों ने मिडिल क्लास परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। मदर डेयरी के साथ अब अमूल और पराग ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। वहीं, नंदिनी पहले ही कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। दूध हर घर की रोजाना की जरूरत है। ऐसे में अलग-अलग कंपनियों के दाम बढ़ने से महीने का घरेलू बजट कितना प्रभावित होगा? आइए पूरा हिसाब समझते हैं।
मदर डेयरी, अमूल और पराग ने कितना महंगा किया दूध?
12 नवंबर 2026 से मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतें 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दी हैं। फुल क्रीम दूध अब 72 की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, पाउच वाला टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
अमूल ने भी 12 नवंबर से ताजा पाउच दूध की कीमतों में करीब 4 से 5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अमूल ताजा टोंड दूध 2 रुपये और अमूल गोल्ड 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है।
वहीं, लखनऊ में पराग दूध की नई कीमतें 12 नवंबर की शाम की सप्लाई से लागू होंगी। पराग गोल्ड का एक लीटर पैक 72 से बढ़कर 76 रुपये और टोंड दूध 59 से बढ़कर 61 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
कर्नाटक में नंदिनी ने 1 नवंबर से दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद बेसिक टोंड दूध 46 से बढ़कर 54 रुपये प्रति लीटर हो गया।
मिडिल क्लास परिवार का महीने का बजट कितना बढ़ेगा?
अगर आपके घर में रोजाना एक लीटर फुल क्रीम दूध आता है, तो मदर डेयरी की नई कीमतों के मुताबिक रोज 4 रुपये ज्यादा खर्च होंगे। यानी 30 दिनों में 120 रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे।
वहीं, रोजाना 2 लीटर फुल क्रीम दूध इस्तेमाल करने वाले परिवार का महीने का खर्च 240 रुपये बढ़ जाएगा।
अमूल गोल्ड और पराग गोल्ड की कीमतों में भी 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसलिए इनका रोजाना 2 लीटर इस्तेमाल करने वाले परिवार को भी महीने में 240 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे।

आखिर दूध की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं?
दूध महंगा होने के पीछे उत्पादन और प्रोसेसिंग की बढ़ती लागत बड़ी वजह है। अमूल के मुताबिक, हरे और सूखे चारे, पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं।
अमूल के एमडी जयन मेहता ने बिजनेस टुडे को बताया कि दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत बढ़ने के कारण उत्पादकों और ग्राहकों के बीच संतुलन बनाना जरूरी हो गया है।
अमूल के मुताबिक, पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की कीमतें 4 से 5 फीसदी बढ़ाई गई हैं। कंपनी ग्राहकों से मिलने वाली रकम का करीब 80 फीसदी हिस्सा अपने 36 लाख दूध उत्पादकों को लौटाती है।
नंदिनी की बढ़ी कीमतों से किसानों को कितना फायदा?
नंदिनी ने दूध के दाम 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं। इसमें से 7 रुपये सीधे किसानों को और एक रुपया दूध सहकारी समितियों को मिलेगा।
कंपनी ने पशु आहार, दवाइयों, ट्रांसपोर्ट और पैकेजिंग की बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया है।
मिडिल क्लास की जेब पर बढ़ेगा बोझ
मदर डेयरी, अमूल, नंदिनी और पराग की कीमतें बढ़ने से रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का खर्च बढ़ गया है। खासकर जिन घरों में रोज 2 लीटर या उससे ज्यादा दूध इस्तेमाल होता है, उन्हें अब हर महीने पहले से अधिक पैसे खर्च करने होंगे।
हालांकि, अतिरिक्त खर्च दूध के ब्रांड, प्रकार और रोजाना इस्तेमाल होने वाली मात्रा पर निर्भर करेगा।

