भारतीय सेना ने पलटा 3 साल पुराना फैसला! अब बदल जाएगी बड़े अफसरों की वर्दी
भारतीय सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी को लेकर तीन साल पुराना फैसला वापस ले लिया है। एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, अब ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारी फिर अपनी रेजिमेंट की पारंपरिक टोपी, बेल्ट और बैज पहन सकेंगे। नया नियम 1 दिसंबर से लागू होगा। आखिर सेना ने 2023 का ड्रेस कोड क्यों बदला और अब क्या अलग होगा? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- भारतीय सेना ने 2023 में लागू कॉमन यूनिफॉर्म का नियम वापस लिया
- ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारी फिर पहन सकेंगे पारंपरिक टोपी और बैज
- 1 दिसंबर से लागू होगा नया आदेश, कर्नल और निचले रैंक की वर्दी में बदलाव नहीं
भारतीय सेना ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के ड्रेस कोड को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सेना ने साल 2023 में लागू किए गए कॉमन यूनिफॉर्म नियमों को वापस ले लिया है। अब ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारी एक बार फिर अपनी रेजिमेंट और सर्विस से जुड़ी पारंपरिक टोपी, बेल्ट और बैज पहन सकेंगे। नया आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा।
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने अधिकारियों से मिले फीडबैक और नियमों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है।
अब फिर दिखेगी रेजिमेंट की अलग पहचान
नए फैसले के बाद गोरखा राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारी अपनी पारंपरिक टोपी पहन सकेंगे। वहीं, स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी अपनी पहचान वाली मैरून बेरेट और आर्मर्ड रेजिमेंट के अधिकारी काली बेरेट पहन सकेंगे।
इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी अपनी रेजिमेंट के मुताबिक बेल्ट, लैनयार्ड (कंधे पर पहनी जाने वाली डोरी) और शोल्डर टाइटल का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
गोरखा राइफल्स, गढ़वाल राइफल्स और राजपूताना राइफल्स जैसी रेजिमेंट के अधिकारी सुनहरे रंग की जगह फिर काले रैंक बैज पहनेंगे।
2023 में क्यों बदला गया था ड्रेस कोड?
अप्रैल 2023 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की अध्यक्षता में हुई आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में कॉमन यूनिफॉर्म लागू करने का फैसला लिया गया था। इसे अगस्त 2023 में लागू किया गया।
इसका मकसद ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारियों के बीच एक जैसी पहचान बनाना था, ताकि वरिष्ठ नेतृत्व में रेजिमेंट के आधार पर अंतर कम हो सके।
उस समय वरिष्ठ अधिकारियों के लिए गहरे हरे रंग की बेरेट, एक जैसी बेल्ट, पीतल के रैंक बैज और काले जूते अनिवार्य किए गए थे।
1 दिसंबर से लागू होंगे पुराने नियम
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने 13 नवंबर को जारी एक पत्र के जरिए 2023 के निर्देश वापस ले लिए हैं। अब Army Uniforms Pamphlet 2018 के नियम दोबारा लागू होंगे।
यह फैसला जनरल धीरज सेठ के सेना प्रमुख बनने के कुछ महीनों बाद आया है।
हालांकि, कर्नल और उससे नीचे के अधिकारियों की यूनिफॉर्म में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस फैसले के बाद भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी में एक बार फिर उनकी रेजिमेंट और सर्विस की पारंपरिक पहचान नजर आएगी।


