scorecardresearch

दिवाली से पहले ही जहरीली हो गई थी दिल्ली की हवा! तमाम पाबंदियों के बावजूद क्यों जहरीली हो रही हवा?

दिल्ली में दिवाली के दौरान प्रदूषण लगातार तीसरे साल बढ़ा है। नई स्टडी में सामने आया है कि तमाम पाबंदियों और कोशिशों के बावजूद राजधानी की हवा बेहद खराब बनी हुई है। आखिर पटाखों के अलावा कौन से कारण प्रदूषण बढ़ा रहे हैं और मौजूदा उपाय क्यों पर्याप्त नहीं साबित हो रहे?

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में दिवाली का औसत AQI 2024 के 334 से बढ़कर 2026 में 360 पहुंच गया।
  • साल 2026 में दिवाली से पहले ही दिल्ली का औसत AQI 347 दर्ज किया गया था।
  • स्टडी में पटाखों के अलावा पराली जलाने और मौसम की परिस्थितियों को भी प्रदूषण की बड़ी वजह बताया गया।

दिल्ली में हर साल दिवाली के आसपास प्रदूषण बढ़ना एक बड़ी समस्या बन चुका है। तमाम कोशिशों के बावजूद राजधानी की हवा लगातार खराब होती जा रही है। एक नई स्टडी में सामने आया है कि पिछले तीन सालों से दिवाली के दौरान दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बढ़ रहा है। साल 2024 में दिवाली पर औसत AQI 334 था, जो 2025 में बढ़कर 348 और 2026 में 360 तक पहुंच गया। ये तीनों आंकड़े 'बेहद खराब' कैटेगरी में आते हैं।

advertisement

दिवाली से पहले ही जहरीली हो चुकी थी दिल्ली की हवा

क्लाइमेट ट्रेंड्स की नई स्टडी के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिवाली के पटाखों तक सीमित नहीं है। साल 2026 में दिवाली से पहले के सात दिनों में ही राजधानी का औसत AQI 347 दर्ज किया गया था। वहीं, 2024 में यह 295 और 2025 में 242 था।

यही वजह है कि 2026 में दिवाली के दौरान प्रदूषण में सिर्फ 4% की बढ़ोतरी हुई, जबकि 2024 में यह 13% और 2025 में 44% थी। हालांकि, कम बढ़ोतरी का मतलब यह नहीं है कि हवा साफ थी। असल में दिवाली से पहले ही प्रदूषण काफी ज्यादा था।

दिवाली के दौरान दिल्ली का अधिकतम AQI भी 2024 के 339 और 2025 के 351 से बढ़कर 2026 में 376 पहुंच गया।

आखिर क्यों काम नहीं कर रहे प्रदूषण रोकने के उपाय?

स्टडी के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह सिर्फ पटाखे नहीं हैं। मानसून के बाद हवा की रफ्तार कम होना, तापमान में बदलाव के कारण प्रदूषण का जमीन के करीब फंसना और पंजाब-हरियाणा में पराली जलाना भी बड़ी वजहें हैं।

साल 2024 में दिवाली के बाद प्रदूषण और बढ़ गया था। त्योहार के दौरान औसत AQI 334 था, जो अगले सप्ताह 366 पहुंच गया। वहीं, 2025 में दिवाली के बाद भी औसत AQI 304 बना रहा।

दक्षिण भारत के शहरों में जल्दी कैसे साफ हो जाती है हवा?

इस स्टडी में दिल्ली समेत नौ शहरों के CPCB आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि चेन्नई और हैदराबाद जैसे शहरों में 2024 और 2025 में दिवाली के एक सप्ताह के भीतर AQI पहले के स्तर पर या उससे नीचे लौट आया।

इसकी वजह समुद्री हवाएं, तेज हवा और मौसमी बारिश हैं, जो प्रदूषण को फैलाने में मदद करती हैं।

प्रदूषण रोकने के लिए क्या बदलना होगा?

स्टडी में सुझाव दिया गया है कि GRAP जैसे प्रतिबंध और पराली जलाने पर नियंत्रण के उपाय दिवाली से पहले ही लागू किए जाएं। साथ ही प्रदूषण के स्रोतों की बेहतर निगरानी जरूरी है।

advertisement

हालांकि, स्टडी में पटाखों, मौसम और पराली के अलग-अलग असर का सांख्यिकीय आकलन नहीं किया गया। इसलिए इससे किसी एक नियंत्रण उपाय की प्रभावशीलता तय नहीं की जा सकती।