
यूपी के युवाओं को योगी सरकार का तोहफा, 6 महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। सरकार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।

In Short
- सीएम योगी का ऐलान, चुनाव से पहले यूपी में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी।
- गोरखपुर में 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास।
- सीएम योगी ने कानून व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर भव्य कल्याण मंडपम् का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिलना चाहिए।
छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, "हम अगले 6 महीने के अंदर, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी यूपी में उपलब्ध करवाएंगे।"
उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिए गए हैं और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सरकारी नौकरियों के विज्ञापन तो जारी होते थे, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में कथित तौर पर सौदेबाजी और वसूली होती थी।

सीएम योगी ने कहा कि इसके कारण योग्य युवाओं को नौकरी नहीं मिल पाती थी और उनका भविष्य प्रभावित होता था। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में विवाद और न्यायालय की ओर से लगने वाले स्टे के कारण युवाओं का समय भी खराब होता था।
रामगढ़ ताल का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास और रामगढ़ ताल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां गंदगी और अपराध की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि डर के कारण लोग वहां जाने से बचते थे।
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर की यह स्थिति समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकारों की कथित नीतियों का परिणाम थी, जिसके कारण शहर आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था।
कानून व्यवस्था पर बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है और कानून का राज कायम है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और अब कोई अपराधी खुलेआम धमकी देने, अपहरण करने या व्यापारियों से फिरौती मांगने का साहस नहीं कर सकता।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर व्यक्ति को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण और बेहतर वातावरण में आयोजित हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

