
दिल्ली पुलिस बॉडी कैमरों से रखेगी नज़र। CJP के प्रदर्शन को लेकर हाई अलर्ट! बैरिकेडिंग और डिटेंशन सेंटर हैं तैयार
दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राजधानी के बॉर्डर से लेकर प्रमुख इलाकों तक निगरानी बढ़ाई गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए खास रणनीति बनाई गई है। जानिए पुलिस ने क्या-क्या तैयारियां की हैं।

In Short
- दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट, 37 जगह बैरिकेडिंग और 15 डिटेंशन सेंटर बनाए गए।
- पुलिसकर्मियों को 150 से ज्यादा बॉडी कैमरे दिए गए, दिल्ली के बॉर्डर पर ड्रोन से भी होगी निगरानी।
- दिल्ली पुलिस ने लोगों के नाम ओपन लेटर जारी कर प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखने और हिंसा से बचने की अपील की।
दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए बॉडी कैमरे और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
दिल्ली में 37 जगह बैरिकेडिंग, 15 डिटेंशन सेंटर बनाए गए
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए राजधानी में 37 जगहों पर बैरिकेडिंग की है। इसके अलावा सभी 15 जिलों में एक-एक डिटेंशन सेंटर बनाया गया है। संसद मार्ग, जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चिल्ला, गाजीपुर, अप्सरा और सिंघु बॉर्डर पर दो स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। इन रास्तों से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिसकर्मियों को मिले 150 से ज्यादा बॉडी कैमरे
प्रदर्शन के दौरान किसी भी घटना को रिकॉर्ड करने के लिए पुलिसकर्मियों को 150 से ज्यादा बॉडी कैमरे दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच भी प्रदर्शन से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
भीड़ को संभालने के लिए 450 से 500 अतिरिक्त महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी हो सकती है। होटल, हॉस्टल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

दिल्ली के बॉर्डर पर ड्रोन से होगी निगरानी
दिल्ली पुलिस सभी बॉर्डर पर ड्रोन कैमरों से निगरानी करेगी। प्रदर्शनकारियों को नई दिल्ली इलाके में लेकर आने वाली बसों और गाड़ियों को राजधानी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
पुलिस RWA, बाजार संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक प्रतिनिधियों के संपर्क में भी है। वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को शुक्रवार रात से बंद करने का फैसला लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों के नाम लिखा ओपन लेटर
प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों के नाम एक ओपन लेटर भी जारी किया है। इसमें लोगों से शांति बनाए रखने और हिंसा से दूर रहने की अपील की गई है।
पुलिस ने अपने संदेश में कहा, 'यूनिफॉर्म के पीछे भी एक इंसान है, उसका भी परिवार है, उसके भी अपने लोग हैं।' पुलिस ने कहा कि फर्क सिर्फ यूनिफॉर्म का है, इंसानियत का नहीं।
दरअसल, जुलाई में जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान हिंसक स्थिति देखने को मिली थी। हालिया प्रदर्शनों में पुलिसकर्मियों से मारपीट, वर्दी फाड़ने और उनके घायल होने की घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने, कानून का पालन करने और पुलिसकर्मियों के साथ मर्यादित व्यवहार करने की अपील की है।

