ईपीएफओ ने SWP को दी मंजूरी, रिटायरमेंट के बाद हर महीने मिलेगा पैसा; बची रकम पर ब्याज का भी होगा फायदा
EPFO ने रिटायरमेंट के बाद PF से पैसा निकालने के तरीके में बड़ा बदलाव करने की तैयारी की है। नए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों को नियमित किस्तों में पैसा निकालने का विकल्प मिलेगा। जानिए यह योजना कैसे काम करेगी और रिटायर कर्मचारियों को कितना फायदा हो सकता है।

नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट से जुड़ी बड़ी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने प्रोविडेंट फंड (PF) की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या सालाना किस्तों में पैसा ले सकेंगे। खास बात यह है कि PF खाते में बची रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा। हालांकि, इस सुविधा को लागू करने की तारीख और विस्तृत नियमों का ऐलान अभी बाकी है।
कैसे काम करेगा EPFO का नया SWP?
CBT की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली। नई व्यवस्था के तहत 58 साल की उम्र में रिटायर होने वाले कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से PF की रकम किस्तों में निकाल सकेंगे।
अभी रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपनी जमा PF राशि एकमुश्त निकाल सकते हैं। SWP शुरू होने पर उनके पास नियमित भुगतान लेने का ऑप्शन भी होगा। EPFO फिलहाल 8.25% सालाना ब्याज देता है। हालांकि, आने वाले वर्षों में ब्याज दरें बदल सकती हैं।
₹50 लाख के PF पर कितनी मिलेगी रकम?
मीडिया रिपोर्ट्स में दिए गए EPFO के आंतरिक अनुमान के मुताबिक, अगर किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 50 लाख रुपये हैं तो 8% अनुमानित रिटर्न के आधार पर उसे हर महीने करीब 41,822 रुपये मिल सकते हैं।
इस उदाहरण के मुताबिक, 20 साल में कुल निकासी करीब 1 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
तुलना करें तो बैंक FD से करीब 32,492 रुपये और कमर्शियल एन्युटी से 30,637 रुपये मासिक भुगतान का अनुमान दिया गया है। ये आंकड़े अलग-अलग टैक्स के बाद मिलने वाले रिटर्न की मान्यताओं पर आधारित हैं।
ये केवल उदाहरण हैं। वास्तविक भुगतान ब्याज दर, निकासी की अवधि और अंतिम नियमों पर निर्भर करेगा।
सदस्य की मृत्यु होने पर क्या होगा?
EPFO के मुताबिक, SWP के दौरान सदस्य की मृत्यु होने पर नॉमिनी या आश्रित के पास दो विकल्प होंगे। वह खाते में बची पूरी रकम निकाल सकता है या नियमित किस्तों में भुगतान जारी रख सकता है।
इस व्यवस्था का मकसद रिटायर कर्मचारियों को नियमित आय देना और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा बनाए रखना है।
PF निकासी के नियमों में भी बड़ा बदलाव
CBT ने न्यूनतम PF बैलेंस की शर्त को 25% से घटाकर 10% करने की मंजूरी भी दी है। इससे पात्र सदस्य 55 साल की उम्र से पहले अपनी जमा राशि का 90% तक निकाल सकेंगे।
इसके अलावा, रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतिम PF निकासी के लिए वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दिया गया है। हालांकि, अंतिम पेंशन निकासी के लिए न्यूनतम 36 महीने की प्रतीक्षा अवधि में कोई बदलाव नहीं हुआ है।


