scorecardresearch

भले देर से शुरू हुई गर्मी लेकिन FY27 में AC मार्केट में आएगा 25% का उछाल - Blue Star के एमडी ने दिए बड़े संकेत

ब्लू स्टार को FY27 में एसी बिक्री और रेवेन्यू में मजबूत बढ़ोतरी की उम्मीद है। कंपनी ने कच्चे माल की बढ़ती लागत और नए नियमों के चलते कीमतें बढ़ाई हैं। छोटे शहरों में मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे बाजार में नए अवसर बन रहे हैं।

Advertisement

भारतीय एयर कंडीशनर (AC) बाजार में इस साल बड़ी हलचल दिखने वाली है। हालांकि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से गर्मी की शुरुआत में थोड़ी देरी हुई है, लेकिन दिग्गज कंपनी ब्लू स्टार को भरोसा है कि वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) में एसी की बिक्री में जबरदस्त उछाल आएगा।

advertisement

बिजनेस टुडे के पत्रकार करण धार को ब्लू स्टार के मैनेजिंग डायरेक्टर बी. त्यागराजन ने बातचीत में संकेत दिए हैं कि इस साल एसी के सेल्स वॉल्यूम में 15% और कंपनी के रेवेन्यू में 25% की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

यह अनुमान पिछले साल के निराशाजनक आंकड़ों के बाद आया है। दरअसल, वित्त वर्ष 2025-26 में गर्मी का सीजन उम्मीद से काफी छोटा रहा था, जिसके चलते रूम एसी की बिक्री में 5% की गिरावट दर्ज की गई थी। अब बाजार इस सुस्ती से उबरने की तैयारी में है।

कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला

जनवरी 2026 से ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के नए नियम लागू होने के बाद ब्लू स्टार पहले ही कीमतों में 8% का इजाफा कर चुका है। बी. त्यागराजन के मुताबिक, गर्मी के सीजन को देखते हुए अप्रैल में कीमतों में 5% की एक और बढ़ोतरी हो सकती है।

हालांकि, वह मानते हैं कि यह फैसला बाजार की मांग पर निर्भर करेगा। त्यागराजन कहते हैं कि इतनी बड़ी कीमत वृद्धि को लागू करना मुश्किल होता है, जब तक कि बाजार में मांग बहुत मजबूत न हो। हमारे लिए राहत की बात सिर्फ यह है कि पिछले साल जीएसटी दरों में सुधार के बाद टैक्स में 10% की कमी आई है।

इतना ही नहीं, कॉपर और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण त्योहारी सीजन के आसपास तीसरी बार दाम बढ़ाए जा सकते हैं। मैनेजिंग डायरेक्टर का कहना है कि गर्मी के सीजन के लिए कच्चा माल पहले ही खरीदा जा चुका है, इसलिए अगली बढ़ोतरी फेस्टिव सीजन के दौरान ही होगी।

बाजार हिस्सेदारी और विस्तार की रणनीति

ब्लू स्टार इस समय 14.3% मार्केट शेयर के साथ कारोबार कर रही है, लेकिन वित्त वर्ष 2027 तक इसे बढ़ाकर 15% करने का लक्ष्य है। इस मुकाम को हासिल करने के लिए कंपनी ने गर्मी से ठीक पहले 125 नए मॉडल लॉन्च किए हैं।

इनमें हैवी-ड्यूटी से लेकर हॉट एंड कोल्ड एसी तक शामिल हैं। कंपनी की बिक्री का 10% हिस्सा ई-कॉमर्स से आता है, जबकि 44% बिक्री बड़े संगठित रिटेल स्टोर्स के जरिए होती है।

advertisement

भारत में एसी की पहुंच अभी भी काफी कम है, लेकिन उद्योग के जानकारों का मानना है कि 2030 तक यहां सालाना 3 करोड़ से ज्यादा यूनिट्स बिकने लगेंगी। फिलहाल भारत में सालाना 1.4 करोड़ एसी बिकते हैं, जबकि वैश्विक बाजार 22 करोड़ यूनिट्स का है।

छोटे शहरों से मिल रही है रफ्तार

ब्लू स्टार की नजर अब देश के टियर-3, टियर-4 और टियर-5 शहरों पर है। कंपनी के बयान के मुताबिक, ये छोटे बाजार अब बड़े शहरों (टियर-1 और टियर-2) के मुकाबले ज्यादा तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

900 शहरों और 10,000 से ज्यादा आउटलेट्स के नेटवर्क के साथ कंपनी अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। बी. त्यागराजन ने स्पष्ट किया कि उनका ध्यान सिर्फ बिक्री पर नहीं बल्कि सर्विस नेटवर्क (आफ्टरमार्केट प्रेजेंस) पर भी है, जो उन्हें अन्य कंपनियों से अलग बनाता है।