बड़ा पद मिला लेकिन सैलरी नहीं बढ़ी! भारत में बढ़ रहा जॉब टाइटल और वेतन के बीच अंतर
बड़ा पद मिला लेकिन सैलरी में नहीं हुआ बड़ा बदलाव, Indeed की रिपोर्ट ने भारत के वर्कप्लेस में टाइटल और वेतन के अंतर को दिखाया

In Short
- पिछले दो साल में टाइटल बदलने वाले करीब एक तिहाई प्रोफेशनल्स को सैलरी में बढ़ोतरी नहीं मिली या इंक्रीमेंट 5 फीसदी से कम रहा
- करीब 80 फीसदी प्रोफेशनल्स का मानना है कि अलग-अलग इंडस्ट्री में टाइटल इन्फ्लेशन आम हो गया है
- 52 फीसदी कर्मचारी नई नौकरी में बेहतर पदनाम के बजाय ज्यादा सैलरी को प्राथमिकता देते हैं
Job Title Inflation: भारत के वर्कप्लेस में अब नौकरी के पद और सैलरी के बीच अंतर बढ़ता नजर आ रहा है। ग्लोबल हायरिंग प्लेटफॉर्म Indeed की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दो साल में जिन प्रोफेशनल्स को पद में बदलाव या नया टाइटल मिला, उनमें से करीब हर तीन में से एक का कहना है कि इसके साथ या तो कोई सैलरी बढ़ोतरी नहीं हुई या फिर इंक्रीमेंट 5 फीसदी से कम रहा।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि करीब 10 में से 6 प्रोफेशनल्स मानते हैं कि उनका मौजूदा जॉब टाइटल उनकी सैलरी को सही तरीके से नहीं दिखाता।
बढ़ते जा रहे हैं बड़े पदनाम लेकिन नहीं बढ़ रही कमाई
Indeed के लेटेस्ट क्वार्टरली हायरिंग ट्रैकर के अनुसार, करीब 80 फीसदी प्रोफेशनल्स का मानना है कि अलग-अलग इंडस्ट्री में टाइटल इन्फ्लेशन आम हो गया है।
कई कर्मचारियों ने देखा है कि कंपनियां ज्यादा सीनियर दिखने वाले पद दे रही हैं, लेकिन उसके हिसाब से सैलरी में बदलाव नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों को लगता है कि बड़ा पद मिलने के बावजूद आर्थिक पहचान नहीं मिल रही।
करियर ग्रोथ में टाइटल की अहमियत
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 70 फीसदी प्रोफेशनल्स मानते हैं कि उनका पदनाम भविष्य के करियर अवसरों को प्रभावित करता है। वहीं करीब 73 फीसदी लोगों का कहना है कि बेहतर टाइटल से संभावित नियोक्ताओं पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।
इसके अलावा 57 फीसदी प्रोफेशनल्स मानते हैं कि उनका पदनाम नौकरी से जुड़ी संतुष्टि पर बड़ा असर डालता है। हालांकि, जब नई नौकरी चुनने की बात आती है तो सैलरी अभी भी ज्यादा महत्वपूर्ण बनी हुई है।
ज्यादा सैलरी को दे रहे हैं प्राथमिकता
रिपोर्ट के अनुसार, 52 फीसदी प्रोफेशनल्स का कहना है कि नई नौकरी के मौके पर वे बेहतर पदनाम के बजाय ज्यादा सैलरी को प्राथमिकता देंगे। इससे साफ होता है कि कर्मचारी सिर्फ बड़ा पद नहीं, बल्कि उसके साथ मिलने वाली आर्थिक बढ़ोतरी को भी करियर ग्रोथ का हिस्सा मानते हैं।
टाइटल के जरिए टैलेंट को बनाए रखने की कोशिश
Indeed की रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 57 फीसदी लोगों का मानना है कि उनकी कंपनी टैलेंट को आकर्षित करने या बनाए रखने के लिए सीनियर दिखने वाले पदनामों का इस्तेमाल करती है।
कंपनियों के लिए टाइटल देना कर्मचारियों को पहचान देने और उन्हें बनाए रखने का एक तरीका बन गया है, खासकर तब जब सैलरी बजट सीमित हो। हालांकि, चुनौती यह है कि नया पदनाम वास्तविक करियर ग्रोथ को दिखाए, सिर्फ वेतन बढ़ोतरी के विकल्प के रूप में इस्तेमाल न हो।

