scorecardresearch

आज बैंक खुले हैं या बंद? तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, ग्राहकों के लिए जरूरी अपडेट

बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। UFBU और IBA के बीच देर रात हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। इसके चलते आज 28 सितंबर को बैंक ब्रांच सामान्य रूप से खुलने की उम्मीद है। हालांकि, हड़ताल रद्द नहीं हुई है।

Advertisement
हड़ताल रद्द नहीं हुई, बल्कि टाली गई है, क्योंकि मुद्दों पर अभी बातचीत जारी है।
हड़ताल रद्द नहीं हुई, बल्कि टाली गई है, क्योंकि मुद्दों पर अभी बातचीत जारी है।

In Short

  • UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी है।
  • हड़ताल टलने के बाद आज 28 सितंबर को बैंक ब्रांच सामान्य रूप से काम करने की उम्मीद है।
  • सभी शनिवार को छुट्टी बनाने की मांग पर IBA और UFBU की हाई-लेवल कमेटी चर्चा करेगी।

आज यानी 28 सितंबर को बैंक खुले रहने की उम्मीद है। United Forum of Bank Unions यानी UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया है। Indian Banks' Association यानी IBA के साथ देर रात हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।

advertisement

आज बैंक खुले हैं या बंद?

UFBU की प्रस्तावित हड़ताल टलने के बाद आज देशभर में बैंक ब्रांच सामान्य रूप से काम करने की उम्मीद है। यानी ग्राहकों को तीन दिन तक देशव्यापी स्तर पर बैंक बंद रहने की चिंता फिलहाल नहीं है।

UFBU ने 27 सितंबर को जारी सर्कुलर में बताया कि IBA के साथ बातचीत में सहमति बनने के बाद हड़ताल और आंदोलन के कार्यक्रम को टालने का फैसला किया गया। दोनों पक्षों की बैठक 27 सितंबर को रात 9:30 बजे शुरू हुई थी।

हड़ताल रद्द हुई या सिर्फ टली?

बैंक हड़ताल को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल टाला गया है। इसका मतलब है कि बैंक कर्मचारियों की मांगों पर अभी बातचीत जारी रहेगी।

सबसे अहम मांग पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की है। बैंक यूनियन चाहती है कि हर शनिवार को छुट्टी घोषित की जाए। अभी आम तौर पर बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार के साथ रविवार को बंद रहते हैं।

अब आगे क्या होगा?

UFBU के मुताबिक, IBA और UFBU के प्रतिनिधियों की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी बाकी शनिवार को भी छुट्टी घोषित करने की मांग पर चर्चा करेगी। इसमें संभावित विकल्पों को देखने के साथ ग्राहकों समेत दूसरे पक्षों से भी बातचीत की जाएगी।

इसके अलावा Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के Performance Linked Incentive यानी PLI से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा होगी। मार्च 2024 की बैठक से जुड़े दूसरे लंबित मामलों को भी बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जाएगी।

आज बैंकिंग सेवाओं का क्या होगा?

हड़ताल टलने के बाद ग्राहक आज सामान्य बैंकिंग के काम के लिए अपनी ब्रांच जा सकते हैं। UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं भी सामान्य रूप से इस्तेमाल की जा सकेंगी।

फिलहाल सभी शनिवार को बैंक बंद करने का कोई फैसला नहीं हुआ है। जब तक इस पर अंतिम फैसला नहीं आता, शनिवार की छुट्टियों का मौजूदा नियम ही लागू रहेगा।