अयोध्या राम मंदिर में आरती दर्शन हुआ आसान, अब श्रद्धालुओं को मिलेगा तत्काल पास
रामलला की आरती में शामिल होने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत आई है। अब आरती के लिए तत्काल पास की सुविधा शुरू कर दी गई है। पास कब मिलेगा, कहां बनेगा और किस आरती के लिए क्या व्यवस्था रहेगी, जानिए इस खबर में।

In Short
- रामलला की आरती के लिए अब तत्काल पास की सुविधा शुरू कर दी गई है।
- मंगला और श्रृंगार आरती के पास एक दिन पहले, जबकि शयन आरती का पास उसी दिन जारी किया जाएगा।
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए तत्काल पास की नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है।आजतक के रिपोर्टर मयंक शुक्ला के अनुसार, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के दर्शन को आसान बनाने के लिए यह कदम उठाया है।
अब श्रद्धालु बिड़ला धर्मशाला के सामने बने यात्री सुविधा केंद्र से आरती दर्शन का पास बनवा सकते हैं। पास बनाने की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।
तीनों आरतियों के लिए अलग-अलग पास
ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक, रामलला और राम परिवार की तीनों आरतियों के लिए अलग-अलग पास जारी किए जाएंगे। मंगला आरती सुबह 4 बजे होती है, जबकि श्रृंगार आरती सुबह 6 बजे आयोजित की जाती है। इन दोनों आरतियों के पास एक दिन पहले बनवाने होंगे।
वहीं, रात 9 बजे होने वाली शयन आरती का पास श्रद्धालु उसी दिन प्राप्त कर सकेंगे। इससे ऐसे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो पहले से ऑनलाइन बुकिंग नहीं करा पाए हैं और आरती में शामिल होना चाहते हैं।
प्रतिदिन रामलला की आरती के लिए 45 तत्काल पास जारी किए जाएंगे। राम परिवार की आरती के लिए रोजाना 15 पास तय किए गए हैं। ट्रस्ट का कहना है कि अभी सीमित संख्या में पास दिए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की जरूरत को देखते हुए भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
ऑनलाइन और रेफरल पास की व्यवस्था
आरती दर्शन के लिए पहले से ऑनलाइन पास की सुविधा भी उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग के तहत 100 पास रखे गए हैं। इसके अलावा रेफरल कैटेगरी में कुल 75 पास तय किए गए हैं।
फिलहाल जिला प्रशासन या सैनिक सदन के लिए अलग से कोई पास कोटा निर्धारित नहीं किया गया है। किसी विशेष अतिथि को आरती दर्शन कराने की जरूरत होने पर संबंधित पक्ष सीधे ट्रस्ट से संपर्क करता है।
वर्तमान समय में काउंटर पर नई आईडी के आधार पर पास जारी नहीं किए जा रहे हैं। फिलहाल ट्रस्टियों की सिफारिश वाले रेफरल पास ही बनाए जा रहे हैं।
नियमित दर्शन पासों की समीक्षा शुरू
रामलला के रोज दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए फिलहाल नए दैनिक दर्शन पास जारी नहीं किए जाएंगे। ट्रस्ट ने बताया कि अब तक 2,743 दैनिक दर्शन पास जारी किए जा चुके हैं।
इन सभी पासों की समीक्षा की जा रही है। दैनिक दर्शन पास 6 महीने के लिए मान्य होता है। जिन श्रद्धालुओं के पास की अवधि पूरी होने वाली है, वे तय प्रक्रिया के तहत अपना पास रिन्यू (नवीनीकरण) करा सकते हैं। इसके लिए नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
