scorecardresearch

Airbnb पर बुकिंग करने से पहले जान लें नए नियम! सफाई से लेकर चेकआउट तक बदल गईं कई शर्तें

Airbnb पर ठहरने वाले मेहमानों के लिए राहत की खबर है। कंपनी ने अपने हाउस रूल्स में बड़ा बदलाव किया है। अब चेकआउट से पहले होस्ट मेहमानों से मनमाने सफाई के काम नहीं करवा सकेंगे। नए नियम 20 नवंबर से होने वाली बुकिंग पर लागू होंगे। जानिए क्या बदलेगा और किन कामों से मिलेगी छूट।

Advertisement

In Short

  • Airbnb ने बदले हाउस रूल्स, अब मेहमानों से नहीं करवा सकेंगे ज्यादा सफाई।
  • बिस्तर की चादर हटाने और बर्तन धोने जैसे काम नहीं मांग सकेंगे होस्ट।
  • 20 नवंबर से नई बुकिंग पर लागू होंगे नियम, होस्ट नहीं लगा सकेंगे जुर्माना।

अगर आप छुट्टियों में Airbnb पर कमरा या घर बुक करते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। अब चेकआउट के समय मेहमानों से साफ-सफाई के नाम पर ज्यादा काम नहीं करवाया जा सकेगा। Airbnb ने अपनी हाउस रूल्स पॉलिसी में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत होस्ट मेहमानों से ऐसे काम करने को नहीं कह सकेंगे, जो आमतौर पर सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी होते हैं। ये नियम 20 नवंबर या उसके बाद की गई सभी बुकिंग पर लागू होंगे।

advertisement

अब मेहमानों से नहीं करवा सकेंगे ये काम

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, Airbnb ने अपनी वेबसाइट पर नए नियम जारी किए हैं। इनके तहत होस्ट मेहमानों से ऐसे काम नहीं करवा सकेंगे, जिनमें ज्यादा समय या मेहनत लगती हो।

इनमें बिस्तर से चादर उतारना, कचरा प्रॉपर्टी से बाहर ले जाकर फेंकना और बर्तन धोकर वापस उनकी जगह रखना जैसे काम शामिल हैं।

खास बात यह है कि अगर मेहमान पहले से ही क्लीनिंग फीस दे रहे हैं, तो उनसे इस तरह की सफाई की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।

20 नवंबर से लागू होंगे नए नियम

Airbnb के मुताबिक, नए नियम 20 नवंबर या उसके बाद बुक किए गए सभी रिजर्वेशन पर लागू होंगे।

नई पॉलिसी के तहत होस्ट सात स्टैंडर्ड हाउस रूल्स तय कर सकेंगे। इसके अलावा वे कुछ अन्य उचित अनुरोध भी कर सकते हैं।

हालांकि, ये अनुरोध ऐसे होने चाहिए, जिनसे मेहमानों को बेवजह परेशानी न हो।

कंपनी ने बीबीसी को बताया कि कई मेहमानों को हाउस रूल्स समझने और उनका पालन करने में परेशानी होती थी। इसी वजह से नियमों को आसान और स्पष्ट बनाया गया है।

कुछ मामलों में मिलेगी छूट

नई पॉलिसी का मतलब यह नहीं है कि होस्ट मेहमानों से कोई अनुरोध नहीं कर सकेंगे।

उदाहरण के लिए, अगर किसी इलाके में सूखे के कारण पानी के इस्तेमाल पर पाबंदी है, तो होस्ट मेहमानों से कम समय तक शॉवर लेने को कह सकते हैं।

इसके अलावा प्रॉपर्टी के नियम अब रिजर्वेशन रिमाइंडर में भी दिखाई देंगे।

कॉन्ट्रैक्ट की अनुमति भी सीमित परिस्थितियों में होगी, जैसे कानूनी जरूरत या होमओनर्स एसोसिएशन के नियम।

होस्ट मेहमानों पर जुर्माना नहीं लगा सकेंगे। अगर कोई अनुरोध Airbnb की पॉलिसी के खिलाफ होगा, तो उसे चिह्नित किया जाएगा। हालांकि, होस्ट इस फैसले के खिलाफ अपील कर सकेंगे।

सोशल मीडिया पर भी उठ चुके हैं सवाल

Airbnb के मेहमान लंबे समय से चेकआउट के दौरान सफाई से जुड़े सख्त नियमों की शिकायत करते रहे हैं।

हाल ही में अमेरिका के जॉर्जिया में Airbnb प्रॉपर्टी चलाने वाले कैसी और जॉन के TikTok वीडियो वायरल हुए थे।

advertisement

इन वीडियो में वे मेहमानों के जाने के बाद घर की बारीकी से जांच करते दिखाई दिए। एक वीडियो में उन्होंने टीवी का रिमोट सही जगह नहीं रखने पर मेहमानों की आलोचना की थी।

उनके सख्त नियमों की आलोचना हुई, हालांकि दोनों ने कहा कि उनके वीडियो का गलत मतलब निकाला गया। इन वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर ऐसे सख्त Airbnb होस्ट की नकल करते हुए कई वीडियो भी बनाए गए।