
Aadhaar Update: आधार में मोबाइल नंबर बदलने के लिए अब नहीं लगाने होंगे चक्कर! घर बैठे ऐसे करें अपडेट
आधार कार्ड में पुराना मोबाइल नंबर दर्ज होने से OTP वेरिफिकेशन में परेशानी होती है। अब UIDAI के नए Aadhaar App के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट कराने का विकल्प मिल रहा है। लेकिन इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें हैं। जानिए आवेदन का पूरा तरीका और जरूरी बातें।

In Short
- UIDAI के नए Aadhaar App से घर बैठे मोबाइल नंबर अपडेट कराने का विकल्प।
- मोबाइल नंबर बदलने के लिए OTP और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
- पुराना मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं होने पर आधार सेवा केंद्र जाना जरूरी होगा।
अगर आपके आधार कार्ड में पुराना मोबाइल नंबर दर्ज है और आप उसका इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो आपको OTP वेरिफिकेशन में परेशानी हो सकती है। बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और कई ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने के लिए आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार में अपना चालू मोबाइल नंबर अपडेट रखना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि अब UIDAI के नए Aadhaar App के जरिए आप घर बैठे मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आपको आधार सेवा केंद्र जाने या कोई दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। आइए जानते हैं इसका पूरा प्रोसेस।
Aadhaar App से मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए पहले करें ये काम
आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UIDAI का आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करना होगा। यह ऐप Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। ऐप डाउनलोड करने के बाद इसे खोलें और अपनी पसंद की भाषा चुनें। इसके बाद अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें और नियम व शर्तों के साथ प्राइवेसी पॉलिसी स्वीकार करें।
अब ऐप में इस्तेमाल होने वाली SIM चुनें और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें। इसके बाद ऐप के लिए 6 अंकों का PIN सेट करना होगा। आगे जब भी आप ऐप खोलेंगे, इसी PIN से लॉगिन कर सकेंगे।
इन 8 स्टेप्स में घर बैठे बदलें मोबाइल नंबर
ऐप में रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आपको कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
-
सबसे पहले Aadhaar App खोलकर 6 अंकों के PIN से लॉगिन करें।
-
ऐप के Services सेक्शन में जाएं।
-
यहां Mobile Number Update का विकल्प चुनें।
-
स्क्रीन पर दिए गए निर्देश पढ़कर आगे बढ़ें।
-
अब अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करें।
-
नए नंबर पर आए OTP को डालकर वेरिफिकेशन पूरा करें।
-
इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
-
निर्धारित फीस का भुगतान करके अपना आवेदन जमा कर दें।
आवेदन जमा होने के बाद आपको रिक्वेस्ट से जुड़ी जानकारी मिल जाएगी। आप ऐप में Track My Request विकल्प के जरिए आवेदन का स्टेटस भी चेक कर सकते हैं।

पुराना मोबाइल नंबर बंद है तो क्या करें?
मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया इस बात पर निर्भर करती है कि आपका पुराना नंबर चालू है या नहीं। अगर Aadhaar App में वही नंबर रजिस्टर्ड है, जो पहले से आधार में दर्ज है, तो नए नंबर पर OTP वेरिफिकेशन और फेस ऑथेंटिकेशन करके आवेदन जमा किया जा सकता है।
वहीं, अगर आपने ऐप में किसी दूसरे मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन किया है, तो UIDAI के मुताबिक पुराने और नए दोनों नंबरों पर OTP वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
हालांकि, अगर आपके पास पुराने रजिस्टर्ड नंबर का एक्सेस नहीं है या आधार में पहले से कोई मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, तो ऐप से अपडेट नहीं कर पाएंगे। ऐसी स्थिति में नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत अपडेट सेंटर जाना होगा।
मोबाइल नंबर अपडेट होने में कितना समय लगेगा?
आवेदन जमा करने के बाद मोबाइल नंबर तुरंत आधार में अपडेट नहीं होता। UIDAI के मुताबिक, मोबाइल नंबर या पते से जुड़े अपडेट की प्रक्रिया पूरी होने में 30 दिन तक का समय लग सकता है। इस दौरान आप Aadhaar App के Track My Request विकल्प से आवेदन की स्थिति देख सकते हैं।
मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए दस्तावेज जरूरी हैं?
आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए अलग से किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं होती। ऐप के जरिए आवेदन करते समय OTP वेरिफिकेशन, फेस ऑथेंटिकेशन और निर्धारित फीस का भुगतान करना होगा। अगर पुराना नंबर उपलब्ध नहीं है, तो आधार केंद्र पर जाकर भी नया मोबाइल नंबर अपडेट कराया जा सकता है। इसके लिए पुराने नंबर या किसी अतिरिक्त दस्तावेज की जरूरत नहीं होती।

