
iPhone के बाद Samsung भी बढ़ा सकता है दाम? Galaxy S26 सीरीज की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट
Samsung Galaxy S26 सीरीज की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी कीमतों में बदलाव पर विचार कर रही है। बढ़ती कंपोनेंट लागत और मेमोरी की कीमतों के बीच यह फैसला लिया जा सकता है। भारत में भी इसका असर दिखेगा या नहीं, जानिए पूरी खबर में।

In Short
- Samsung Galaxy S26 सीरीज की कीमत बढ़ाने पर कर रही है विचार, अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
- मेमोरी और कंपोनेंट लागत बढ़ने को संभावित कीमत बढ़ोतरी की बड़ी वजह बताया जा रहा है।
- अगर दाम बढ़ते हैं तो भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने वालों पर बढ़ सकता है दबाव।
स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। Samsung अपनी आने वाली Galaxy S26 सीरीज की कीमत बढ़ा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी दक्षिण कोरिया में अक्टूबर से Galaxy S26 लाइनअप के दाम बढ़ाने पर विचार कर रही है। हालांकि, भारत और दूसरे बाजारों में कीमत बढ़ेगी या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
दक्षिण कोरियाई वेबसाइट Hans Economy की रिपोर्ट के अनुसार, एक मोबाइल कैरियर ने रिटेलर्स को 1 अक्टूबर से कीमतों में बदलाव की जानकारी दी है। हालांकि, Samsung ने अभी तक कीमत बढ़ाने का अंतिम फैसला नहीं लिया है।
Galaxy S26 मॉडल पर करीब 10,500 रुपये तक बढ़ोतरी संभव
रिपोर्ट के अनुसार, Samsung Galaxy S26 सीरीज के सभी मॉडल्स की कीमत में 149,600 वॉन यानी करीब 10,500 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
अगर यह बदलाव लागू होता है तो दक्षिण कोरिया में Galaxy S26 256GB की कीमत 12,54,000 वॉन से बढ़कर 14,03,600 वॉन (करीब 99,000 रुपये) हो सकती है।
वहीं Galaxy S26+ 256GB की कीमत 14,52,000 वॉन से बढ़कर 16,01,600 वॉन (करीब 1.12 लाख रुपये) और Galaxy S26 Ultra 256GB की कीमत 17,97,400 वॉन से बढ़कर 19,47,000 वॉन (करीब 1.37 लाख रुपये) हो सकती है।

मेमोरी और कंपोनेंट लागत बढ़ने से दबाव
Galaxy S26 सीरीज की संभावित कीमत बढ़ोतरी का कारण मेमोरी और दूसरे कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत को बताया जा रहा है। AI डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
Samsung ने Hans Economy को बताया है कि कंपनी बढ़ी हुई कंपोनेंट लागत को देखते हुए कीमतों की समीक्षा कर रही है। हालांकि, कंपनी ने यह भी साफ किया है कि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक नोटिस जारी नहीं किया गया है।
Apple के बाद Samsung पर भी बढ़ोतरी का दबाव
Samsung की संभावित कीमत बढ़ोतरी की खबर ऐसे समय आई है जब Apple ने भारत में अपने नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च किए हैं। इनकी शुरुआती कीमत क्रमशः 1,64,900 रुपये और 1,79,900 रुपये रखी गई है। इसके अलावा Apple ने भारत में कुछ पुराने iPhone मॉडल्स की कीमतों में भी बदलाव किया है।
भारत में फिलहाल Samsung Galaxy S26 की शुरुआती कीमत 87,999 रुपये, Galaxy S26+ की 1,19,999 रुपये और Galaxy S26 Ultra की शुरुआती कीमत 1,39,999 रुपये है।
टिप्स्टर अभिषेक यादव ने भी X पर दावा किया है कि भारत में Galaxy S26 और Galaxy S26 Ultra की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने नई कीमतों की जानकारी नहीं दी है।
भारतीय खरीदारों पर पड़ सकता है असर
फिलहाल भारत में Samsung Galaxy S26 सीरीज की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन अगर कंपनी कीमत बढ़ाती है तो प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए यह सेगमेंट और महंगा हो सकता है।

