Realme फोन खरीदने वालों को झटका, 16 प्रो प्लस समेत कई स्मार्टफोन हुए महंगे जानिए नई कीमतें
स्मार्टफोन खरीदने का प्लान बना रहे ग्राहकों के लिए रियलमी ने झटका दिया है। कंपनी ने अपने कई पॉपुलर फोन की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। रियलमी 16 प्रो प्लस समेत कई मॉडल अब महंगे मिलेंगे। आखिर कुछ महीनों में बार बार क्यों बढ़ रही हैं इन फोन्स की कीमतें?

In Short
- रियलमी ने भारत में कई स्मार्टफोन मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
- रियलमी 16 प्रो प्लस के कुछ वेरिएंट 4000 रुपये तक महंगे हुए हैं।
- मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों को फोन महंगे होने की बड़ी वजह बताया जा रहा है।
Realme Price Hike India: रियलमी स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए एक बार फिर झटका लगा है। कंपनी ने भारत में अपने कई स्मार्टफोन मॉडल की कीमत बढ़ा दी है। इस बार रियलमी 16 प्रो प्लस रियलमी 16टी रियलमी सी83 5जी और कुछ दूसरे मॉडल की कीमतों में बदलाव किया गया है। रियलमी 16 प्रो प्लस पर इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है, जिसके कुछ वेरिएंट की कीमत 4000 रुपये तक बढ़ गई है।
इस साल कई बार बढ़ी रियलमी फोन की कीमत
रियलमी ने पहली बार अपने स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। इससे पहले भी कंपनी इस साल कई बार अपने फोन महंगे कर चुकी है। रियलमी 16 सीरीज की कीमतों में जून और जुलाई में भी बदलाव किए गए थे। अब एक बार फिर कई मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
रियलमी 16 प्रो प्लस सबसे ज्यादा महंगा हुआ
रियलमी 16 प्रो प्लस इस सीरीज का सबसे महंगा स्मार्टफोन है। इसकी कीमत में इस साल कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है। जुलाई में इसके बेस मॉडल की कीमत 49,999 रुपये तक पहुंच गई थी। जबकि यह फोन शुरुआत में 39,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ था।
इसके अलग-अलग स्टोरेज वेरिएंट की कीमत भी अलग है। 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 49,999 रुपये तक पहुंच चुकी है। वहीं 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 52,999 रुपये तक गई थी। 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत 55,999 रुपये तक पहुंच चुकी है।
रियलमी 16टी की कीमत में भी बदलाव
रियलमी 16टी कंपनी का किफायती मॉडल है। यह फोन 8000 एमएएच बैटरी और 45 वॉट चार्जिंग के साथ आता है। इसकी कीमत अलग-अलग स्टोरेज वेरिएंट के हिसाब से करीब 30 हजार रुपये से शुरू होती है। 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वाला मॉडल करीब 35 हजार रुपये में उपलब्ध है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी जारी, फिर भी प्रीमियम फोन की मांग तेज; फेस्टिव सेल में मिलेगी राहत?
हालांकि अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन स्टोर पर इसकी कीमत में अंतर देखने को मिल सकता है।
बजट फोन सी83 5जी भी हुआ महंगा
रियलमी सी83 5जी कंपनी का बजट स्मार्टफोन है, लेकिन इसकी कीमत में भी इस साल कई बार बढ़ोतरी हुई है। इसके 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत पहले 15,499 रुपये थी, जो बढ़कर 16,499 रुपये हो गई।
वहीं 4 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज मॉडल 17,499 रुपये से बढ़कर 18,499 रुपये हो गया। 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत 19,499 रुपये से बढ़कर 20,499 रुपये हो गई।
फोन महंगे होने की वजह क्या है?
स्मार्टफोन की कीमत बढ़ने के पीछे मेमोरी चिप की बढ़ती कीमत को बड़ा कारण बताया जा रहा है। स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी और स्टोरेज चिप की लागत बढ़ रही है। एआई के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से डेटा सेंटर बड़ी मात्रा में मेमोरी और स्टोरेज चिप का इस्तेमाल कर रहे हैं।
रियलमी अकेली कंपनी नहीं है जिसने फोन की कीमत बढ़ाई है। इस साल सैमसंग नथिंग वीवो और दूसरी कंपनियों ने भी अपने स्मार्टफोन महंगे किए हैं। इसका असर खासतौर पर 30 हजार से 50 हजार रुपये वाले स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों पर ज्यादा पड़ रहा है।

