
Nvidia RTX 5090 की ₹4.45 करोड़ की खेप एयरपोर्ट से गायब! कंपनी भी हैरान
Nvidia के करोड़ों रुपये के महंगे ग्राफिक्स कार्ड एयरपोर्ट से रहस्यमय तरीके से गायब हो गए हैं। इस घटना ने इलेक्ट्रॉनिक्स डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी को भी हैरान कर दिया है। कंपनी को अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। आखिर इतनी महंगी खेप कहां गई और पूरा मामला क्या है?

In Short
- ब्राजील के एयरपोर्ट से Nvidia RTX 5090 ग्राफिक्स कार्ड के दो पैलेट गायब, कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये।
- इलेक्ट्रॉनिक्स डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी Oderço को 38 साल के कारोबार में पहली बार ऐसी घटना का सामना करना पड़ा।
- ग्राफिक्स कार्ड चोरी हुए या किसी दूसरी वजह से गायब हुए, अब तक नहीं हो सका खुलासा।
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के महंगे ग्राफिक्स कार्ड की एक बड़ी खेप ब्राजील के एयरपोर्ट से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है। इस खेप में Nvidia GeForce RTX 5090 ग्राफिक्स कार्ड शामिल थे, जिनकी कुल कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामला ब्राजील के साओ पाउलो स्थित ग्वारूलहोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर महंगे सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एयरपोर्ट से कैसे गायब हुए करोड़ों के ग्राफिक्स कार्ड?
टॉम्स हार्डवेयर की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील की इलेक्ट्रॉनिक्स डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी Oderço को Zotac GeForce RTX 5090 ग्राफिक्स कार्ड के दो पैलेट मिलने थे। लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद इस खेप का कोई पता नहीं चल सका।
कंपनी ने बताया कि उसके 38 साल से ज्यादा के कारोबार में ऐसा मामला पहले कभी सामने नहीं आया। गायब हुए सामान की कीमत करीब 25 लाख ब्राजीलियन रियाल यानी 4.45 करोड़ रुपये है।
हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि सामान किस तारीख को एयरपोर्ट पहुंचा था। इसके अलावा कितने ग्राफिक्स कार्ड गायब हुए हैं, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।
इंस्टाग्राम पर कंपनी ने उठाया मामला
ग्राफिक्स कार्ड का पता नहीं चलने के बाद Oderço ने इंस्टाग्राम पर इस घटना की जानकारी दी। कंपनी का कहना है कि उसे अपने सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी को इस मामले में कोई आधिकारिक जवाब भी नहीं मिला था। फिलहाल यह साफ नहीं है कि ग्राफिक्स कार्ड चोरी हुए हैं या किसी दूसरी वजह से गायब हुए हैं। अभी तक किसी व्यक्ति या संगठन को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।

क्यों इतने महंगे हैं Nvidia RTX 5090 ग्राफिक्स कार्ड?
एनवीडिया ने जनवरी 2025 में GeForce RTX 5090 लॉन्च किया था। इसकी शुरुआती कीमत अमेरिका में 1,999 डॉलर रखी गई थी।
यह ग्राफिक्स कार्ड कंपनी के Blackwell आर्किटेक्चर पर आधारित है। इसमें 32GB GDDR7 मेमोरी और DLSS 4 जैसी AI टेक्नोलॉजी मिलती है।
इसका इस्तेमाल हाई-एंड गेमिंग के अलावा वीडियो एडिटिंग, 3D डिजाइनिंग, एनिमेशन और कुछ AI मॉडल चलाने के लिए भी किया जाता है।
ग्राफिक्स कार्ड की सप्लाई पर भी सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब RTX 5090 की सप्लाई में कमी की खबरें आ रही हैं। इसके पीछे मेमोरी की कमी को भी एक वजह बताया गया है।
हालांकि, गायब हुई खेप का वैश्विक सप्लाई की समस्या से कोई संबंध सामने नहीं आया है। फिलहाल कंपनी अपने दो पैलेट का पता लगाने और इस मामले में जवाब मिलने का इंतजार कर रही है।

