scorecardresearch

SIP से करोड़ों जमा करने के बाद क्या करें? म्यूचुअल फंड का ये फॉर्मूला हर महीने दिला सकता है पैसा

SIP के जरिए लंबे समय तक निवेश करके 1 या 2 करोड़ रुपये का फंड तो बनाया जा सकता है, लेकिन इसके बाद उस पैसे का इस्तेमाल कैसे करें? क्या पूरा निवेश निकाले बिना हर महीने ₹75,000 हासिल किए जा सकते हैं? बिजनेस टुडे के शो में एक्सपर्ट नासेर सलीम ने SWP का तरीका समझाया, जिससे नियमित निकासी की जा सकती है।

Advertisement
करोड़ों के फंड से मंथली पैसा!
करोड़ों के फंड से मंथली पैसा!

In Short

  • SIP से बने करोड़ों के फंड से SWP के जरिए हर महीने पैसे निकाल सकते हैं।
  • ₹2 करोड़ के फंड से ₹75,000 मासिक निकासी का उदाहरण एक्सपर्ट ने दिया।
  • SWP में बाकी पैसा निवेशित रहता है, लेकिन मूल रकम घटने का जोखिम बना रहता है।

म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए लंबे समय तक निवेश करके अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है। लेकिन जब किसी निवेशक के पास 1 करोड़ या 2 करोड़ रुपये का फंड जमा हो जाए, तो सबसे बड़ा सवाल होता है कि अब इस पैसे का इस्तेमाल कैसे करें? क्या बिना पूरा निवेश निकाले हर महीने अपने खर्चों के लिए एक तय रकम हासिल की जा सकती है? म्यूचुअल फंड में इसके लिए एक खास सुविधा मिलती है।

advertisement

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Flexi Capital के MD नासेर सलीम ने कहा कि निवेशकों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) एक उपयोगी विकल्प हो सकता है। इसकी मदद से निवेशक अपने जमा किए गए म्यूचुअल फंड से हर महीने एक निश्चित रकम निकाल सकते हैं, जबकि बाकी पैसा निवेशित रहता है।

क्या है SWP और कैसे करता है काम?

नासेर सलीम के मुताबिक, SWP को SIP का उल्टा समझ सकते हैं। SIP में आप हर महीने म्यूचुअल फंड में पैसे जमा करते हैं, जबकि SWP में अपने निवेश से हर महीने पैसे निकालते हैं।

SWP के तहत म्यूचुअल फंड की कुछ यूनिट्स तय अंतराल पर बेची जाती हैं और उनसे मिलने वाला पैसा सीधे निवेशक के बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाता है। बाकी यूनिट्स फंड में निवेशित रहती हैं।

2 करोड़ के फंड से हर महीने ₹75,000 कैसे मिलेंगे?

एक्सपर्ट ने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर किसी निवेशक ने SIP के जरिए 2 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर लिया है, तो वह SWP के जरिए हर महीने 75,000 रुपये निकालने का विकल्प चुन सकता है।

इस हिसाब से निवेशक को सालभर में 9 लाख रुपये मिलेंगे। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उसका 2 करोड़ रुपये का मूल निवेश हमेशा सुरक्षित रहेगा। फंड का रिटर्न निकाली गई रकम से कम होने या बाजार में गिरावट आने पर जमा पूंजी भी घट सकती है।

SIP से पैसा बनाएं, SWP से उसका इस्तेमाल करें

नासेर सलीम के मुताबिक, SIP लंबे समय में संपत्ति बनाने का तरीका है, जबकि SWP उस संपत्ति का इस्तेमाल करने की सुविधा देता है।

हालांकि, SWP शुरू करने से पहले निवेशकों को अपनी जरूरत, बाजार के जोखिम, टैक्स और निकासी की रकम पर ध्यान देना चाहिए। सही योजना के साथ SWP नियमित नकदी की जरूरत पूरी करने में मदद कर सकता है, लेकिन इससे निश्चित रिटर्न या जीवनभर आय मिलने की गारंटी नहीं होती।

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।