iPhone Duo vs Samsung Galaxy Z Fold8: फोल्डेबल फोन की जंग में कौन आगे? फीचर्स, डिजाइन और कीमत में बड़ा अंतर
Apple ने फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में iPhone Duo के साथ एंट्री कर ली है। अब इसका मुकाबला Samsung Galaxy Z Fold8 से है, जो पहले से इस सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखता है। दोनों फोन में बड़े डिस्प्ले, प्रीमियम डिजाइन और दमदार प्रोसेसर मिलते हैं, लेकिन कीमत, कैमरा, स्टोरेज और सॉफ्टवेयर अनुभव में बड़ा अंतर है।

In Short
- iPhone Duo में 7.6 इंच डिस्प्ले A20 Pro चिप और 2TB तक स्टोरेज मिलता है
- Galaxy Z Fold8 हल्के डिजाइन Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर और तीन स्टोरेज विकल्पों के साथ आता है
- Apple फोल्डेबल की शुरुआती कीमत करीब ₹2.99 लाख जबकि Samsung Fold8 ₹1.79 लाख से शुरू होता है
फोल्डेबल स्मार्टफोन मार्केट में अब दो बड़े नाम आमने-सामने हैं। Apple ने पहली बार अपने फोल्डेबल iPhone Duo के साथ एंट्री की है, जबकि Samsung कई सालों के अनुभव के साथ Galaxy Z Fold8 लेकर आया है। दोनों फोन प्रीमियम सेगमेंट में आते हैं और इनमें बड़ा फोल्डिंग डिस्प्ले, दमदार प्रोसेसर और एडवांस फीचर्स दिए गए हैं, लेकिन दोनों कंपनियों का डिजाइन और इस्तेमाल का तरीका काफी अलग है।
कीमत की बात करें तो iPhone Duo की शुरुआत अमेरिका में करीब 1,999 डॉलर से होती है, जबकि भारत में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 2.99 लाख रुपये है। वहीं Samsung Galaxy Z Fold8 भारत में 1,79,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ उपलब्ध है। Samsung ने इसे तीन स्टोरेज ऑप्शन में पेश किया है।
डिजाइन और डिस्प्ले में अंतर
iPhone Duo में 7.6 इंच का Super Retina XDR इनर डिस्प्ले मिलता है। इसके साथ 5.4 इंच का बाहरी डिस्प्ले दिया गया है। Apple ने इसमें Grade 5 टाइटेनियम फ्रेम और हिंज कवर का इस्तेमाल किया है। कंपनी का दावा है कि फोल्डिंग के दौरान डिस्प्ले की लेयर आसानी से मूव करती है, जिससे स्क्रीन पर पड़ने वाला दबाव और क्रीज कम होती है।
फोन में IP68 रेटिंग भी दी गई है, यानी यह पानी और धूल से सुरक्षा प्रदान करता है। इसमें StandBy Mode जैसे फीचर्स भी मिलते हैं, जिससे फोन को अलग-अलग एंगल पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
दूसरी तरफ Samsung Galaxy Z Fold8 में 7.6 इंच का मेन डिस्प्ले और 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले मिलता है। इसका इनर डिस्प्ले 4:3 रेशियो में है, जबकि बाहरी स्क्रीन 10:16 रेशियो में आती है। इसका वजन 201 ग्राम है और Samsung इसे अब तक का सबसे हल्का Fold मॉडल बताता है। इसमें Armor Flex Hinge दिया गया है, जो फोन को ज्यादा स्मूथ तरीके से खोलने और बंद करने में मदद करता है।
कैमरा और परफॉर्मेंस
iPhone Duo में 48MP Dual Fusion कैमरा सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा 12MP Center Stage फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में Apple का A20 Pro चिपसेट और Apple Intelligence के AI फीचर्स दिए गए हैं। इसमें Duo Preview, Smart Take और Center Stage वीडियो कॉल जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।
स्टोरेज के मामले में iPhone Duo 256GB से शुरू होता है और 2TB तक जाता है। भारत में इसकी कीमत स्टोरेज के हिसाब से 2,99,900 रुपये से लेकर 4,49,900 रुपये तक जाती है।
Samsung Galaxy Z Fold8 में डुअल 50MP वाइड और अल्ट्रा वाइड कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy प्रोसेसर दिया गया है। इसका बेस मॉडल 256GB स्टोरेज और 12GB RAM के साथ आता है। इसके अलावा 512GB स्टोरेज वाला मॉडल 12GB RAM और 1TB मॉडल 16GB RAM के साथ उपलब्ध है।
किसके लिए कौन बेहतर?
अगर आप Apple इकोसिस्टम, ज्यादा स्टोरेज और iOS आधारित अनुभव चाहते हैं तो iPhone Duo आकर्षक विकल्प हो सकता है। वहीं Samsung Galaxy Z Fold8 ज्यादा किफायती कीमत, हल्के डिजाइन और लंबे समय से फोल्डेबल फोन बनाने के अनुभव के कारण मजबूत दावेदार है।
दोनों फोन प्रीमियम फोल्डेबल कैटेगरी में आते हैं, लेकिन चुनाव यूजर की जरूरत, बजट और पसंद किए जाने वाले सॉफ्टवेयर अनुभव पर निर्भर करेगा।

