
iPhone 18 Pro में स्पीकर को लेकर शिकायतें, यूजर्स बोले- स्पीकर से आ रही अजीब आवाजें
iPhone 18 Pro और Pro Max के कुछ यूजर्स ने स्पीकर से अजीब आवाज आने की शिकायत की है। किसी को कॉल के दौरान तो किसी को ऐप इस्तेमाल करते समय यह परेशानी महसूस हो रही है। नए iOS अपडेट के बाद भी कुछ यूजर्स को राहत नहीं मिली है।

In Short
- iPhone 18 Pro और Pro Max के कुछ यूजर्स ने स्पीकर से अजीब आवाज आने की शिकायत की
- कॉल, कीबोर्ड और ऐप इस्तेमाल करने समेत अलग-अलग मौकों पर सुनाई दे रही आवाज
- iOS 27.0.1 अपडेट के बाद भी कुछ यूजर्स की स्पीकर से जुड़ी परेशानी नहीं हुई दूर
एप्पल के iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर कुछ यूजर्स ने अब एक नई परेशानी की शिकायत की है। कुछ यूजर्स का कहना है कि उनके फोन के स्पीकर से अचानक क्लिक, पॉप और क्रैकलिंग जैसी हल्की आवाजें सुनाई दे रही हैं। MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, इस तरह की शिकायतें उसके फोरम के साथ Reddit और Apple Support Community पर भी सामने आई हैं।
iPhone 18 Pro यूजर्स को क्या आ रही परेशानी?
रिपोर्ट के मुताबिक, यह आवाज मुख्य रूप से फोन के ईयरपीस स्पीकर से आती हुई महसूस हो रही है। शिकायतें iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max दोनों मॉडल को लेकर सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने इसे बहुत हल्की टिक या पॉप जैसी आवाज बताया है, जबकि कुछ को बीच-बीच में क्रैकलिंग की आवाज सुनाई दे रही है।
हालांकि, सभी यूजर्स के फोन में यह समस्या एक ही समय या एक ही काम के दौरान नहीं आ रही है। कुछ यूजर्स को कॉल के दौरान ऐसी आवाज सुनाई दी, जबकि कुछ ने कीबोर्ड खुलने, ऐप इस्तेमाल करने या पॉप-अप अलर्ट बंद करने के दौरान इसे महसूस किया।
अलग-अलग काम के दौरान सुनाई दे रही आवाज
MacRumors के मुताबिक, कुछ यूजर्स ने वेबसाइट स्क्रॉल करते समय भी ऐसी आवाज आने की शिकायत की है। इसके अलावा स्क्रीन की ब्राइटनेस तेजी से बदलने या Aeroplane Mode को ऑन-ऑफ करने के बाद भी कुछ यूजर्स को यह आवाज सुनाई दी।
एक फोरम यूजर का कहना है कि फोन में कीबोर्ड क्लिक बंद करने के बाद उसके डिवाइस में यह परेशानी रुक गई। हालांकि, अलग-अलग यूजर्स के अनुभव अलग हैं और अभी तक इसकी कोई एक तय वजह सामने नहीं आई है।

iOS 27.0.1 से भी नहीं हुआ समाधान
एप्पल ने 28 सितंबर को iOS 27.0.1 अपडेट जारी किया था, लेकिन इसमें स्पीकर से जुड़ी इस परेशानी के लिए किसी फिक्स का जिक्र नहीं है। अपडेट में iPhone 18 Pro मॉडल पर Face ID ऑथेंटिकेशन फेल होने के बाद अचानक रीस्टार्ट होने की समस्या को ठीक किया गया है।
इसके अलावा कैमरा कलर आर्टिफैक्ट और Notification Centre तथा Control Centre को एक साथ खोलने पर टचस्क्रीन के रिस्पॉन्स नहीं करने जैसी समस्याओं के लिए भी फिक्स दिया गया है।
फोन बदलने के बाद भी आई शिकायत
MacRumors के मुताबिक, शुरुआती फीडबैक में कुछ यूजर्स का कहना है कि iOS 27.0.1 इंस्टॉल करने के बाद भी क्रैकलिंग की परेशानी दूर नहीं हुई। कुछ यूजर्स ने तो फोन एक्सचेंज कराने के बाद रिप्लेसमेंट यूनिट में भी ऐसा ही व्यवहार मिलने की बात कही है।
फिलहाल इस समस्या की असली वजह साफ नहीं है। कुछ यूजर्स को शक है कि यह iOS से जुड़ी ऑडियो या रूटिंग की समस्या हो सकती है। Apple ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि यह हार्डवेयर की खराबी है या सॉफ्टवेयर बग।

