Chrome हुआ और Smart: Flight-Hotel की Best Deal खोजेगा, Grocery भी करेगा ऑर्डर; Google ने जोड़ा नया AI फीचर
Google ने भारत में Chrome यूजर्स के लिए Gemini का दायरा बढ़ाते हुए नया Auto Browse फीचर पेश किया है। यह AI की मदद से अलग-अलग वेबसाइट पर जाकर कई ऑनलाइन काम खुद कर सकता है। फॉर्म भरने से लेकर सामान खोजने और कीमतों की तुलना तक, यह फीचर कैसे काम करेगा और किन यूजर्स को मिलेगा, जानिए।

In Short
- Android पर आया Gemini in Chrome
- Auto Browse कर सकता है कई ऑनलाइन काम
- जरूरी काम से पहले AI मांगेगा मंजूरी
Google ने भारत में Chrome पर Gemini का दायरा बढ़ा दिया है। अब Android यूजर्स भी Chrome में Gemini का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने भारत में नया Auto Browse फीचर भी शुरू किया है। इसकी मदद से AI यूजर की तरफ से अलग-अलग वेबसाइट पर जाकर कई काम खुद कर सकता है।
Android पर आया Gemini in Chrome
Gemini in Chrome को भारत में इस साल की शुरुआत में कंप्यूटर के लिए पेश किया गया था। अब यह Android फोन पर भी उपलब्ध है।
इसकी मदद से यूजर किसी वेब पेज से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं और लंबे आर्टिकल को कम शब्दों में समझ सकते हैं। इसके अलावा Chrome से बाहर निकले बिना Gemini को Google Keep और Calendar जैसे Google ऐप्स से जोड़ा जा सकता है।
Gemini में तस्वीर बनाने और उसमें बदलाव करने की सुविधा भी मिलेगी। इसमें Nano Banana भी शामिल है। यानी फोन पर इंटरनेट चलाते समय यूजर AI की मदद से नई तस्वीर बना सकते हैं या किसी तस्वीर में बदलाव कर सकते हैं।
क्या है Auto Browse?
Auto Browse सामान्य Autofill से ज्यादा काम कर सकता है। Autofill जहां फॉर्म में नाम, पता और दूसरी जानकारी अपने आप भरने में मदद करता है, वहीं Auto Browse एक के बाद एक कई ऑनलाइन काम खुद कर सकता है।
Google के मुताबिक, यह अलग-अलग वेबसाइट पर जानकारी खोज सकता है, लंबे फॉर्म भर सकता है और बार-बार किए जाने वाले ऑनलाइन कामों को पूरा कर सकता है।
उदाहरण के लिए, यूजर इसे किसी कार्यक्रम के लिए पार्किंग बुक करने, घर का सामान ऑर्डर करने या अलग-अलग तारीखों पर होटल और फ्लाइट की कीमतें खोजने का काम दे सकते हैं।
तस्वीर दिखाकर भी खोज सकेंगे सामान
Auto Browse मुश्किल काम भी कर सकता है। यूजर किसी सामान की तस्वीर दिखाकर उससे मिलता-जुलता सामान खोजने के लिए कह सकते हैं।
इसके बाद AI अलग-अलग वेबसाइट पर सामान खोज सकता है, उनकी कीमतों की तुलना कर सकता है, पसंद का सामान शॉपिंग कार्ट में डाल सकता है और उपलब्ध छूट भी लगा सकता है।
भारत में Auto Browse फिलहाल कंप्यूटर और Android पर Google AI Pro और AI Ultra प्लान लेने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
सुरक्षा का भी रखा गया ध्यान
Auto Browse सीधे वेबसाइट पर जाकर यूजर की तरफ से काम कर सकता है। इसलिए Google ने इसमें सुरक्षा के लिए भी कई इंतजाम किए हैं।
Google के मुताबिक, उसके AI मॉडल को ऐसे खतरों को पहचानने के लिए तैयार किया गया है, जिनमें किसी वेबसाइट पर मौजूद गलत निर्देश AI को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। इसे Prompt Injection कहा जाता है।
इसके अलावा पैसे, निजी जानकारी या किसी दूसरे जरूरी मामले से जुड़ा काम पूरा करने से पहले Auto Browse यूजर से मंजूरी मांग सकता है। यानी जरूरी फैसलों पर आखिरी कंट्रोल यूजर के पास ही रहेगा।

