scorecardresearch

पीएम नरेंद्र मोदी के सत्ता में 25 साल पूरे, गुजरात मॉडल से दिल्ली तक ऐसा रहा पूरा सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में 25 साल का सफर पूरा कर लिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री बनने तक उनके राजनीतिक सफर में कई बड़े फैसले चर्चा में रहे। आर्थिक सुधार से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक, जानिए इन 25 वर्षों में मोदी सरकार के कौन-कौन से फैसले अहम रहे।

Advertisement

In Short

  • नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर सत्ता का सफर शुरू किया।
  • 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद जनधन योजना, नोटबंदी और GST जैसे बड़े आर्थिक फैसले लिए गए।
  • अनुच्छेद 370, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, EWS और महिला आरक्षण जैसे फैसले भी चर्चा में रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में 25 साल का सफर पूरा कर लिया है। भाजपा ने इस सफर को 'जनसेवा' का नाम दिया है। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार सत्ता की बागडोर संभाली थी। वह 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं। इस दौरान उनके कई बड़े फैसले चर्चा में रहे।

advertisement

गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शुरुआत

जनवरी 2001 में गुजरात के भुज में विनाशकारी भूकंप आया था। इसके बाद राज्य में राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भाजपा ने नरेंद्र मोदी को गुजरात की जिम्मेदारी देने का फैसला किया। 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके सामने भूकंप से राहत और पुनर्वास के साथ 2002 के दंगों के बाद राज्य को आगे बढ़ाने की चुनौती थी। निवेश और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए 2003 में 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' की शुरुआत की गई। टाटा नैनो प्लांट को सिंगूर से गुजरात के साणंद में लाना भी उनके विकास मॉडल का बड़ा उदाहरण बना।

बिजली पानी और खेती पर जोर

2003 में शुरू हुई 'ज्योतिग्राम योजना' के तहत कृषि और घरेलू बिजली ग्रिड को अलग किया गया। इससे गांवों में 24 घंटे बिजली और किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मिलने लगी। लड़कियों की शिक्षा के लिए 'कन्या केलावणी' और गांवों को कंप्यूटर से जोड़ने के लिए 'ई-ग्राम विश्व ग्राम' योजना भी लागू की गई।

जल संकट से निपटने के लिए नर्मदा नहर नेटवर्क के विस्तार, चेक डैम और माइक्रो-इरिगेशन पर जोर दिया गया। इसके साथ हर साल 'कृषि महोत्सव' का आयोजन किया गया।

2014 में प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी

भाजपा ने 2013 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 282 सीटें जीतीं और 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी देश के 14वें प्रधानमंत्री बने। इसके बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने जीत दर्ज की और लगातार तीसरी बार सरकार बनाई।

जनधन से GST तक बड़े आर्थिक फैसले

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी सरकार ने 'प्रधानमंत्री जनधन योजना' शुरू की। बैंक खातों को आधार और मोबाइल से जोड़कर DBT के जरिए सब्सिडी सीधे लोगों के खातों में भेजने की व्यवस्था की गई।

Image Credit : Aaj Tak

8 नवंबर 2016 को 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद करने का फैसला लिया गया। इसके बाद 1 जुलाई 2017 को 'एक राष्ट्र, एक कर' की सोच के साथ GST लागू किया गया।

अनुच्छेद 370 से महिला आरक्षण तक

मोदी सरकार के दौरान जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रमुख प्रावधान हटाए गए। तीन तलाक समाप्त किया गया और CAA लागू किया गया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ और जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा हुई।

advertisement

इसके अलावा महिलाओं के लिए संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण वाला 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पारित कराया गया। आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लिए 10 प्रतिशत EWS आरक्षण का प्रावधान भी किया गया।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर बड़े फैसले

उरी आतंकी हमले के बाद सितंबर 2016 में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की। वहीं, पुलवामा हमले के जवाब में फरवरी 2019 में भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी के 25 साल के इस सफर में आर्थिक सुधार, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले चर्चा के केंद्र में रहे हैं।